एचपीवी टीकाकरण अभियान को लेकर दिया गया प्रशिक्षण, दी जानकारी
एचपीवी टीकाकरण अभियान को लेकर दिया गया प्रशिक्षण, दी जानकारी
मथुरा । जनपद स्तर पर एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से आईएमए हॉल में स्वास्थ्य विभाग, आईएमए एवं जेएसआई संस्था द्वारा एक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ0 संजीव यादव एवं आईएमए मथुरा अध्यक्ष डॉ0 बीएस गोयल के द्वारा संयुक्त रूप से की गई, कार्यक्रम की शुरुआत आईएमए सचिव डॉ0 ललित वार्ष्णेय द्वारा अभिवादन से की गई ।
जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ0 संजीव यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा राजस्थान के अजमेर से शुरू की गई ऐतिहासिक स्वास्थ्य पहल के तहत 14 वर्ष की किशोरियों के लिए राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया गया है, जनपद में यह अभियान मार्च से संचालित हो रहा है, आईएमए अध्यक्ष डॉ0 बी0एस0 गोयल ने बताया की निजी चिकित्सालयों में यह वैक्सीन बहुत पहले से दी जा रही थी, सरकार की इस पहल के बाद सभी लक्षित लाभार्थियों को निःशुल्क वैक्सीन मिल सकेगी ।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ0 रोहितास सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं जिला महिला चिकित्सालय पर यह टीका निःशुल्क उपलब्ध है, उन्होंने चिकित्सकों व धार्मिक गुरुओं से अपील की कि टीकाकरण संबंधी भ्रांतियों को दूर करने में स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें, आप सभी के सहयोग से पोलियो अभियान के दौरान बहुत सहयोग किया गया था, उसी प्रकार समाज के सभी वर्गों को जागरूक करें कि सभी लक्षित बेटियों को एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवायें, अब तक जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर कार्य दिवसों में 170 किशोरियों का एचपीवी टीकाकरण किया जा चुका है और सभी स्वस्थ हैं ।







.jpeg)









