सांझी महोत्सव : कलात्मक प्रस्तुतियों पर दर्शक हुए आकर्षित
सांझी महोत्सव : कलात्मक प्रस्तुतियों पर दर्शक हुए आकर्षित
- रसखान-ताज बीबी समाधि परिसर में सांझी महोत्सव का शनिवार को समापन
महावन । उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद और जीएलए विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में रसखान-ताज बीबी समाधि परिसर में आयोजित सांझी महोत्सव में सांझी कला दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है, महोत्सव में पोर्ट्रेट पर भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं की कलात्मक प्रस्तुति के साथ पानी पर तैरती सांझी, गोबर से तैयार पारंपरिक सांझी दर्शकों को लुभा रही है, 5 दिवसीय सांझी महोत्सव के चौथे दिन शुक्रवार को बड़ी संख्या में वैष्णव तीर्थयात्रियों ने परिसर पहुंचकर सांझी कला के विविध रूपों का अवलोकन किया ।.png)
वृंदावन के प्रसिद्ध चित्रकार रसिक बल्लभ गोस्वामी की पानी पर तैरती सांझी ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया, चित्रकार विश्वजीत और उनके साथी कलाकारों ने भी इस अनूठी विधा के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन किया, धौली प्याऊ निवासी सेवानिवृत्त प्राचार्य उमा ने पोर्ट्रेट पर भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं को उकेरा है, मिर्जापुर की चित्रकार खुशबू और बलदेव पब्लिक स्कूल की छात्राओं द्वारा पोर्ट्रेट पर बनाई गई सांझी की आकर्षक रचनाएं भी दर्शकों को खूब पसंद आ रही हैं ।
दक्ष एजुकेशन इंस्टीट्यूट की छात्राओं की सांझी और कार्ष्णि इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों की रंगोली परिसर की सुंदरता में चार चांद लगा रही हैं, आगरा की सुनीता और अनुष्का तथा गोकुल की लक्ष्मी की गोबर से पारंपरिक सांझी भी लोगों का ध्यान खींच रही है, वहीं अन्य कलाकारों ने पोर्ट्रेट पर सांझी के माध्यम से ब्रज की लोककला और भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं को नए कलात्मक माध्यमों में प्रस्तुत किया है ।













