जांच में आरोप मिले गलत, स्कूल के रास्तें में नहीं भरा था पानी
जांच में आरोप मिले गलत, स्कूल के रास्तें में नहीं भरा था पानी
-डीपीआरओ ने एडीओ पंचायत को दिये एफआईआर दर्ज कराने के आदेश
मथुरा । ग्राम पंचायत शाहपुर फरह के मजरा नगला राधा में खेतों के चक रोड पर पानी भरने पर स्कूली बच्चों को पानी में होकर निकालने और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालने की प्रकरण की जांच जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल ने एडीओ पंचायत से कराई गई जिसमें गांव का एक युवक और पूर्व गांव प्रधान को निजी स्वार्थ और पंचायत की छवि धूमिल करने का दोषी पाया गया जिसपर जिला पंचायत राज अधिकारी ने दोनों के विरूद्ध थाना फरह में एफआईआर दर्ज करने के आदेश एडीओ पंचायत को दिए हैं ।
डीपीआरओ ने बताया कि सात अगस्त को उनके पास मोबाइल नम्बर 9058623282 से उनके व्हाट्सएप पर प्रातः 09;10 बजे रवि कुमार के फेसबुक का लिंक के साथ एक वीडियो भेजा गया जिसमें दिखाया गया कि विकास खण्ड फरह की ग्राम पंचायत शाहपुर फरह के मजरा नगला राधा में जल भराव है जिसमें से प्राथमिक स्कूल के बच्चे निकलकर स्कूल जा रहे हैं, वीडियो की तथ्यात्मक जांच हेतु सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) विकास खण्ड फरह को निर्देशित किया गया ।
उन्होंने बताया कि सहायक विकास अधिकारी (पंचायत ) विकास खण्ड फरह ने ग्राम पंचायत शाहपुर फरह के मजरा नगला राधा, विकास खण्ड फरह की उसी दिन बच्चों को गन्दे पानी के अन्दर निकलने की वायरल वीडियो के सम्बन्ध में जांच की गयी, जांच में पाया गया कि नगला राधा में पूर्व माध्यमिक विद्यालय से नगला राधा बस्ती को निकालकर खेतों की तरफ पहले सपेरा बस्ती तक पक्का मार्ग है, इसके बाद खेतों की तरफ विद्यालय से लगभग 800 मीटर दूर जगदीश पुत्र दुर्गा प्रसाद के खेत पर कुछ अस्थाई रूप से बंजारे निवास करते हैं जिसमें रवि कुमार पुत्र रज्जो निवासी मकदूम द्वारा विद्यालय के बच्चे एवं गांवों के व्यक्तियों को एकत्रित कर जल भराव में निकालते हुए वीडियों बनाकर फेसबुक पर पोस्ट किया गया ।
इस जांच आख्या के उपरोक्त रवि कुमार एवं पूर्व प्रधान लाखन सिंह द्वारा अपने निजी स्वार्थों की पूर्ति हेतु गलत तरीके से वीडियो बनाकर फर्जी एवं भ्रामक तथ्यों को प्रचार, पोस्ट कर प्रशासन एवं ग्राम पंचायत की छवि धूमिल करने को किया गया जबकि ग्रामीणों द्वारा जल भराव की किसी भी स्तर पर कोई प्रार्थना-पत्र एवं शिकायत प्रस्तुत नहीं किया गया है एवं पंचायत चुनाव के दृष्टिगत छवि धूमिल करने हेतु स्कूल के बच्चों को पानी के बीच से पार कराया गया है जबकि बच्चों के घर से स्कूल जाने तक के मार्ग में कहीं भी जलभराव नहीं है, इस घटना से छवि धूमिल होने के साथ-साथ बच्चों का जीवन भी खतरे में डाला गया है जबकि प्रकरण संज्ञान में आने पर सचिव द्वारा शनिवार को जेसीबी से मिट्टी डलवा कर रास्ता आवागमन हेतु बना दिया गया है, डीपीआरओ ने युवक रवि कुमार एवं पूर्व प्रधान लाखन सिंह के विरूद्ध सचिव, ग्राम पंचायत के प्रार्थना पत्र एवं सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) की जांच पर सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्यवाही करने की तहरीर थाना प्रभारी फरह को भेजी है ।







.jpeg)







