यमुना एक्सप्रेस वे हादसे के आरोपी कैंटर चालक को किया गिरफ्तार
यमुना एक्सप्रेस वे हादसे के आरोपी कैंटर चालक को किया गिरफ्तार
-आगे कंटेनर के ब्रेक लगाने पर बस में टकराया था कैंटर, छह यात्रियों की हुई थी मृत्यु
मथुरा । सुरीर थाना क्षेत्र के अंतर्गत यमुना एक्सप्रेस वे पर बस से लघुशंका को उतरे छह यात्रियों को रौंदने के आरोपित कैंटर चालक को पुलिस ने मंगलवार को तेहरा अंडरपास पर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, दिल्ली के नांगलोई से औरैया के विधूना जा रही स्लीपर कोच बस के चालक ने यमुना एक्सप्रेस वे पर माइल स्टोन 88 पर बस मालिक के भतीजे सोनू को बैठाने के लिए बस को रोक लिया था, तभी कुछ यात्री लघुशंका करने के लिए नीचे उतर गए थे ।
इस दौरान नोएडा की ओर से कांच का स्क्रैप लेकर आ रहे कैंटर ने नीचे खड़े यात्रियों को रौंदते हुए बस में टक्कर मार दी थी जिससे छह यात्रियों की मृत्यु हो गई थी, कैंटर चालक के अलावा बस चालक को भी हादसे के लिए जिम्मेदार मानते हुए सुरीर पुलिस ने उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी क्योंकि चालक ने ग्रीन जोन के बजाय बस को सड़क की आखिरी लेन पर रोक लिया था, हादसे के बाद दोनों वाहनों के चालक मौके से फरार हो गए थे जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीम गठित की गई थीं ।
थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि कैंटर चालक दिनेश कुमार निवासी मोहल्ला ओमनगर चंदवार गेट थाना लाइनपार जिला फिरोजाबाद को मंगलवार की सुबह तेहरा अंडरपास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है जबकि बस चालक की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है, पूछताछ में कैंटर चालक दिनेश कुमार ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात वह नोएडा से कैंटर में कांच का स्क्रैप फिरोजाबाद ले जा रहे थे, सुरीर क्षेत्र में माइल स्टोन 88 के समीप शनिवार तड़के करीब पौने तीन बजे आगे कंटेनर चल रहा था, कंटेनर ने अचानक ब्रेक लगा दिया था, कंटेनर से बचाने के लिए उन्होंने कैंटर को कंडक्टर साइड में मोड़ दिया था, जहां सड़क की आखिरी लाइन पर एक बस खड़ी थी, जब तक वह बस और वहां खड़े यात्रियों को देख पाते वीभत्स हादसा हो गया ।







.jpeg)













