राया के बिसाबली में सरकारी जमीन से हटाया अवैध कब्जा
राया के बिसाबली में सरकारी जमीन से हटाया अवैध कब्जा
मथुरा । थाना राया क्षेत्र के गांव बिसाबली में सरकारी भूमि पर किए जा रहे अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया, राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में अभियान चलाकर सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराया, जानकारी के अनुसार गांव के कुछ लोगों ने प्रशासन से शिकायत की थी कि सरकारी भूमि पर बिना अनुमति निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
शिकायत मिलने के बाद राजस्व विभाग ने मामले की जांच की, जांच में शिकायत सही पाए जाने पर अधिकारियों ने कार्रवाई का निर्णय लिया और मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को हटवा दिया, अभियान के दौरान जेसीबी मशीन की मदद से सरकारी भूमि पर किए गए निर्माण को ध्वस्त किया गया, कार्रवाई के समय किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई ।
राजस्व विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराकर पुनः राजस्व अभिलेखों के अनुसार सुरक्षित कर दिया गया है, साथ ही लोगों को भविष्य में सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण या कब्जा न करने की चेतावनी भी दी गई है, प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा, यदि कहीं भी इस प्रकार की शिकायत प्राप्त होती है तो उसकी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि सरकारी संपत्ति की सुरक्षा में सहयोग करें और किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे या निर्माण की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके ।







.jpeg)









