मुड़िया पूर्णिमा मेला को लेकर मथुरा जंक्शन पर चाकचौबंद व्यवस्था
मुड़िया पूर्णिमा मेला को लेकर मथुरा जंक्शन पर चाकचौबंद व्यवस्था
-मथुरा जंक्शन पर 110 से अधिक अतिरिक्त रेलकर्मी तैनात, 24 घंटे हेल्पडेस्क
मथुरा । गोवर्धन में 30 जुलाई तक चलने वाले मुड़िया पूर्णिमा मेला के अवसर पर गोवर्धन आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए उत्तर मध्य रेलवे ने व्यापक तैयारियां की हैं, मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के निर्देशन में वाणिज्य विभाग द्वारा मथुरा जंक्शन पर विशेष इंतजाम किए गए हैं, वरिष्ठ अधिकारी 24 घंटे मेला व्यवस्थाओं की सतत निगरानी कर रहे हैं ।
मथुरा जंक्शन के स्टेशन डारेक्टर सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि श्रद्धालुओं को त्वरित टिकट उपलब्ध कराने के लिए स्टेशन पर 14 अतिरिक्त बुकिंग एवं आरक्षण काउंटर खोले गए हैं, इसके साथ ही 9 एटीवीएम और 22 टिकटिंग फैसिलिटेटर तैनात किए गए हैं, ताकि टिकट काउंटरों पर लंबी लाइनें न लगें, स्टेशन डारेक्टर ने बताया कि मेला व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रयागराज मंडल से 14, झांसी मंडल से 6 और आगरा मंडल से लगभग 90 वाणिज्यिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मथुरा जंक्शन पर शिफ्टवार ड्यूटी में लगाया गया है, स्टेशन के सभी प्रवेश द्वारों पर टिकट चेकिंग स्टाफ मुस्तैद रहेगा, सहायता के लिए स्काउट्स एंड गाइड्स भी तैनात हैं।
उन्होंने बताया कि यात्रियों को धूप व बारिश से बचाने के लिए मथुरा जंक्शन के प्रथम एवं तृतीय प्रवेश द्वार पर दोनों ओर लगभग 3,500 वर्गफुट का विशाल वाटरप्रूफ होल्डिंग एरिया बनाया गया है, इसके अलावा यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए तीनों प्रवेश द्वारों पर 24×7 हेल्प डेस्क और 3 हेल्पलाइन काउंटर क्रियाशील कर दिए गए हैं, श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे द्वारा 6 मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया है तथा 5 ट्रेनों के फेरों में विस्तार किया गया है, अधिकारियों का कहना है कि आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त विशेष ट्रेनें भी चलाई जाएंगी, खानपान स्टॉलों पर ओवरचार्जिंग रोकने और अनधिकृत वेंडरों पर लगाम कसने के लिए आरपीएफ के साथ संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।







.jpeg)









