बंगाली घाट पर चलाया स्वच्छता अभियान, जनता से की अपील
बंगाली घाट पर चलाया स्वच्छता अभियान, जनता से की अपील
मथुरा । यमुना जी के किनारे बंगाली घाट के कच्चे घाट क्षेत्र में, रेलवे पुल के नीचे नगर निगम मथुरा-वृंदावन एवं प्रोजेक्ट मथुरा के संयुक्त सहयोग से स्वच्छता अभियान चलाया गया, स्वयंसेवकों ने घाट की सफाई के साथ आसपास के लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया, अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों के खाली पाउच, प्लास्टिक के गिलास एवं अन्य कचरा मिला है, यहां प्रतिदिन लगभग एक ड्रम नशीले पदार्थों से जुड़ा कचरा निकलता है, जो इस क्षेत्र की एक गंभीर समस्या बन गई है ।
प्रोजेक्ट मथुरा के सीए विपुल अग्रवाल ने बताया कि आसपास के लोगों से मिली जानकारी के अनुसार प्रतिदिन शाम 6 बजे के बाद रेलवे पुल के नीचे एवं घाट के आसपास नशा करने वालों का जमावड़ा लग जाता है, इसके बाद बड़ी मात्रा में कचरा घाट पर ही छोड़ दिया जाता है, इस समस्या के समाधान के लिए प्रशासन से शाम के समय नियमित पुलिस गश्त, निगरानी एवं अन्य आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया गया है ।
उन्होंने बताया कि आगे प्रयास केवल घाट से कचरा साफ करने तक सीमित नहीं रहेगा, कोशिश यह रहेगी कि गंदगी होने के मुख्य कारणों को दूर किया जाए, ताकि घाट पर बार-बार गंदगी ही न हो, साथ ही ब्रजवासियों एवं बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की गई कि वे यमुना घाटों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी प्रकार का कचरा घाट, सड़क या यमुना जी के किनारे न फेंकें, अभियान में मनीष, दीप, केशव, निपुण, नवज्योति, कृष्णा एवं दीपक सहित प्लान की टीम के स्वयंसेवकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया ।







.jpeg)







