बरसात में नगर आयुक्त ने खुद खड़े होकर कराई जल निकासी
बरसात में नगर आयुक्त ने खुद खड़े होकर कराई जल निकासी
-भूतेश्वर अंडरपास पर जल निकासी पर रखी खुद खड़े रहकर नजर
-भूतेश्वर और नए बस स्टैंड अण्डरपास के नीचे जलभराव से आवागमन हुआ प्रभावित
मथुरा । बुधवार की दोपहर लगभग 12 बजे अचानक शुरू हुई तेज बारिश ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की युद्धस्तर पर चल रहीं तैयारियों को रोक दिया, शहर भर में यातायात व्यवस्था भी इस बीच चरमरा गई, सुरक्षा की दृष्टि से भूतेश्वर रेलवे अंडरपास पर आवागमन लगभग दो घंटे तक बाधित रहा, लगभग एक बजे से तीन बजे तक आवागमन रोका गया जिसके पश्चात दोपहर 3:20 बजे से भूतेश्वर रेलवे अंडरपास पर आवागमन सुचारू रूप से संचालित हो रहा है, पुराने बस स्टैंड और नए बस स्टैंड के नीचे भी जलभराव से यातायात प्रभावित हुआ ।

इस दौरान नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने तत्काल भूतेश्वर रेलवे अंडरपास पहुंचकर जलभराव की स्थिति एवं जल निकासी की व्यवस्थाओं देखी एवं तत्काल जल निकासी का कल शुरू करवाया, लगभग दो घंटे तक हुई तेज बारिश के कारण भूतेश्वर रेलवे अंडरपास में जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने पर नगर आयुक्त ने मौके पर मौजूद रहकर तत्काल जल निकासी का कार्य शुरू कराया, जल निकासी कार्य को प्रभावी एवं तीव्र गति से संचालित करने के लिए अंडरपास के सम्पवेल में 50 एचपी एवं 80 एचपी क्षमता की दो मोटरों को निरंतर संचालित किया जा रहा है ।
(128).jpg)
इसके अतिरिक्त नाले में 30 एचपी क्षमता की एक मोटर लगाकर भी जल निकासी का कार्य कराया जा रहा है, सभी पंपों के माध्यम से लगातार पंपिंग कर अंडरपास में जमा वर्षा जल को निकाला जा रहा है, नगर आयुक्त के निर्देश पर अंडरपास के दोनों ओर तत्काल बैरिकेडिंग कर आवागमन को अस्थायी रूप से रोका गया, ताकि कोई वाहन अथवा व्यक्ति जलभराव वाले क्षेत्र में फंस न सके, नगर आयुक्त स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर वाहनों एवं आमजन को वैकल्पिक मार्गों की ओर भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित कराते रहे ।

उन्होंने वर्षा के दौरान मौके पर उपस्थित रहकर जल निकासी सहित अन्य व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए, साथ ही नया बस स्टैंड अंडरपास एवं अन्य जलभराव संभावित स्थलों की स्थिति का वीडियो कॉल के माध्यम से भी लगातार जायजा लिया गया, वहीं गौरतलब हो कि नया बस स्टैंड अंडरपास पर वर्तमान में जलभराव की कोई समस्या नहीं है तथा वहां यातायात का आवागमन सुचारू रूप से संचालित है ।

नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बारिश के दौरान सभी अधिकारी एवं कर्मचारी फील्ड में उपस्थित रहकर जलभराव वाले एवं संभावित स्थलों की लगातार निगरानी करें तथा कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल पंपों के माध्यम से जल निकासी सुनिश्चित कराई जाए, विगत वर्षों में तेज बारिश के दौरान भूतेश्वर रेलवे अंडरपास पर जलभराव के कारण 10 से 12 घंटे तक आवागमन बाधित रहता था, नगर निगम मथुरा-वृंदावन द्वारा भूतेश्वर से मसानी तक नई पाइप लाइन डाले जाने के कारण अब वर्षा जल की निकासी तेजी से हो रही है और जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने पर भी लगभग 2 से 3 घंटे में पानी की निकासी सुनिश्चित हो जाती है ।







.jpeg)









