हनीट्रैप : चौकी इंचार्ज, ग्राम प्रधान सहित चार पर केस दर्ज
हनीट्रैप : चौकी इंचार्ज, ग्राम प्रधान सहित चार पर केस दर्ज
-चौकी इंचार्ज, एक सिपाही किये निलंबित, एसएसपी ने गिरफ्तारी को गठित कीं टीमें
मथुरा । हनीट्रैप प्रकरण में एसएसपी के निर्देश पर चौकी इंचार्ज, ग्राम प्रधान सहित पांच के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, चौकी इंचार्ज और एक सिपाही के खिलाफ निलंबन की कार्यवाही भी की गई है, वहीं हिस्ट्रीशीटर ग्राम प्रधान, एक महिला व दोनों पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी ने टीम गठित की हैं, हनीट्रैप के जरिए लाखों रुपये की उगाही के इस सनसनीखेज मामले ने पुलिस तंत्र की कार्य प्रणाली पर तमाम सवाल खड़े कर दिए थे ।
हनीट्रैप मामले में हिस्ट्रीशीटर ग्राम प्रधान समेत पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी को टीम गठित की गई हैं, जानकारी के अनुसार आगरा के जगदीशपुरा निवासी जगदीश सिंह की जमीन रेल विकास निगम द्वारा अधिग्रहित की गई थी, जमीन से उसे मुआवजा मिला था, आरोप है कि महिला सपना उर्फ राजवाला और उसके साथी श्याम जाट ने ओल निवासी हिस्ट्रीशीटर ग्राम प्रधान खूबीराम के साथ मिलकर हनी ट्रैप तैयार किया, पीड़ित के अनुसार, ग्राम प्रधान खूबी ने साजिश के तहत किराये पर कमरा लिया और पीड़ित को वहां बुलवाया और कमरे में महिला के साथ उसकी आपत्तिजनक वीडियो बना ली, बाद में वे उसे ब्लैकमेल करने लगे ।
इसके बाद हनीट्रैप के खेल में पुलिस की एंट्री कराई गई, गत 31 जनवरी को सपना के फोन करने पर पीड़ित ओल पहुंचा, वह मकान के ऊपरी मंजिल पर गया, कुछ देर बाद ग्राम प्रधान पुलिस चौकी ओल से दो पुलिसकर्मियों को साथ लेकर मौके पर पहुंचा, पीड़ित को जबरन चौकी ले जाया गया, पुलिस ने उसे शाम तक चौकी में बिठाकर रखा, पुलिसकर्मियों ने उसे बलात्कार के मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर पांच लाख रुपये की डील तय कर ली, पीड़ित ने मौके पर ही एक लाख रुपए दे भी दिए और उसकी कार चौकी में खड़ी करा ली गई, पीड़ित बाद में एसएसपी से मिला और अपना दर्द बताया, एसएसपी ने घटना का संज्ञान लेते हुए तुरंत चौकी प्रभारी सहित दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया और हनी ट्रैप में शामिल ग्राम प्रधान, खूबी राम, महिला सपना और अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तारी को टीम भी गठित कर दी ।
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि थाना फरह में एक व्यक्ति द्वारा जानकारी दी गई कि उसके द्वारा कुछ अपनी जमीन बेची गई थी और उसके पास कुछ पैसे भी आये थे, उन पैसों को लेने के लिए एक हनीट्रैप का षड्यंत्र रचा गया, ओल चौकी क्षेत्र का एक हिस्ट्रीशीटर जो कि ग्राम प्रधान भी है, के द्वारा पूरी प्लानिंग की गई, उस व्यक्ति को एक महिला के साथ कमरे में बिठा कर वीडियो बना लिया गया, चौकी इंचार्ज और एक कांस्बेल मौके पर पहुंचे और व्यक्ति को पकड़ कर ले गये और उसे चौकी पर बैठाया भी गया, उसकी गाडी को ग्राम प्रधान के यहां रखवा ली गई, प्रकरण की जानकारी होते ही जांच के बाद मुकदमा पंजीकृत किया गया है, महिला, हिस्ट्रीशीटर ग्राम प्रधान, चौकी इंचार्ज, एक अज्ञात कांस्टेबल जो साथ गया था, इन सभी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत करा दिया गया है, टीमें लगा दी गई हैं इन सभी को शीघ्र ही गिरफ्तार किया जाएगा, दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है, इनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही भी की जाएगी ।







.jpeg)













