मॉडिफाइड साइलेंसर, कार स्टंट करना यातायात नियमों का उल्लंघन, कार्यवाही की मांग
मॉडिफाइड साइलेंसर, कार स्टंट करना यातायात नियमों का उल्लंघन, कार्यवाही की मांग
-बृज यातायात एवं पर्यावरण जनजागरूकता समिति ने एसपी ट्रैफिक को सौंपा ज्ञापन, मिला आश्वासन
मथुरा । बृज यातायात एवं पर्यावरण जनजागरूकता समिति के संस्थापक अध्यक्ष विनोद दीक्षित के नेतृत्व में यातायात पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार तिवारी को चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया जिसमें कहा गया है कि वर्तमान में जनपद में कुछ युवाओं द्वारा यातायात नियमों की खुलेआम अवहेलना करते हुए मॉडिफाइड वाहनों विशेषकर थार, स्कॉर्पियो आदि से खतरनाक स्टंट किए जा रहे हैं, इन स्टंट्स के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं जिससे अन्य युवाओं में भी गलत संदेश जा रहा है तथा इस प्रकार की गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है ।
समिति ने बताया है कि इसके अतिरिक्त, बुलेट एवं अन्य मोटरसाइकिलों में अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर अत्यधिक तेज एवं विस्फोट जैसी ध्वनि उत्पन्न की जा रही है जिससे महिलाओं एवं बुजुर्गों में भय का वातावरण बन रहा है, साथ ही कई वाहनों पर निर्धारित मानकों के विपरीत नंबर प्लेट के स्थान पर जातिसूचक शब्द अंकित किए जा रहे हैं, जो मोटर वाहन अधिनियम का स्पष्ट उल्लंघन है, इसके अतिरिक्त शहर के स्टेट बैंक चौराहे पर यातायात नियमों की अनदेखी करते हुए वाहन रॉन्ग साइड से निकलते हैं जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं तथा जाम की स्थिति बनी रहती है ।
समिति ने मांग की है कि मॉडिफाइड साइलेंसर एवं नियम विरुद्ध वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जाए, कार स्टंट करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, गलत नंबर प्लेट एवं अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई की जाए, स्टेट बैंक चौराहे पर विशेष निगरानी रखते हुए यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक कदम उठाए जाएं ताकि आम जनता को सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात का लाभ मिल सके, यातायात पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार तिवारी ने कड़ी कार्यवाही का आश्वासन देते हुए ट्रैफिक पुलिस सीओ आशीष शर्मा को महानगर में गहन चेकिंग शुरू करते हुए ऐसे यातायात नियम विरूद्ध वाहनों के चालान के साथ सीज की कार्रवाई की गयी, इस दौरान महिला जिलाध्यक्ष ममता शर्मा, बंशी लाल शर्मा, मनीष दयाल, बृजेश शर्मा, सुनील शर्मा, मनीष शर्मा आदि शामिल रहे ।







.jpeg)









