भूतेश्वर-कृष्णा नगर मार्ग पर चलाया विशेष स्वच्छता अभियान
भूतेश्वर-कृष्णा नगर मार्ग पर चलाया विशेष स्वच्छता अभियान
-स्वच्छता केवल निगम की जिम्मेदारी नहीं, जनसहभागिता का सामूहिक संकल्प
मथुरा । मथुरा-वृन्दावन को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए शुरू हुआ विशेष महा-अभियान अब पूरी गति पकड़ चुका है, 22 जून से 6 जुलाई तक चलने वाले इस विशेष अभियान के अंतर्गत गुरुवार को नगर आयुक्त जग प्रवेश ने भूतेश्वर से कृष्णा नगर की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग का औचक स्थलीय निरीक्षण किया, इस दौरान नगर आयुक्त ने खुद मौके पर मौजूद रहे और अपनी उपस्थिति में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित कराया ।
उन्होंने पूरे मार्ग की सफाई व्यवस्था का गहन जायजा लिया लापरवाही की गुंजाइश को खत्म करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि शहर के सभी प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थलों और रिहायशी इलाकों में नियमित रूप से सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी व सुदृढ़ बनाया जाए, निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने तपती धूप और विपरीत परिस्थितियों में काम कर रहे सफाई कर्मियों (स्वच्छता मित्रों) का उत्साहवर्धन किया, कहा कि एक स्वच्छ और भव्य मथुरा-वृन्दावन के निर्माण में हमारे सफाई कर्मियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है ।
मीडिया से बात करते हुए नगर आयुक्त जग प्रवेश ने अपील की कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, यह आम जनता की सहभागिता से जुड़ा एक सामूहिक संकल्प है, जब तक ब्रजवासी खुद आगे आकर सहयोग नहीं करेंगे, तब तक कोई भी अभियान पूरी तरह सफल नहीं हो सकता, इस दौरान नेचर ग्रीन कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर अभिलाष सांगवान सहित नगर निगम के तमाम संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे, अभियान का समापन “हम सबने ये ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है” के गूंजते नारे और संकल्प के साथ हुआ ।







.jpeg)









