मथुरा में 28 जुलाई को होंगी हाईस्कूल व इंटर की कम्पार्टमेंट परीक्षा
मथुरा में 28 जुलाई को होंगी हाईस्कूल व इंटर की कम्पार्टमेंट परीक्षा
मथुरा । उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल इम्प्रूवमेन्ट कम्पार्टमेन्ट तथा इण्टरमीडिएट कम्पार्टमेन्ट परीक्षा हेतु ऑनलाइन आवेदन करने वाले परीक्षार्थियों की परीक्षाएं 28 जुलाई को कराने का आदेश मथुरा सहित प्रदेश के सभी जनपदों के जिला विद्यालय निरीक्षकों को दिए हैं, हाईस्कूल इम्प्रूवमेन्ट कम्पार्टमेन्ट तथा इण्टरमीडिएट कम्पार्टमेन्ट परीक्षाएं जनपद मुख्यालय पर जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा निर्धारित किये गये परीक्षा केन्द्रों पर सम्पन्न होंगी ।
जानकारी देते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि हाईस्कूल इम्प्रूवमेन्ट कम्पार्टमेन्ट परीक्षाएं 28 जुलाई को प्रथम पाली में प्रात: 8:30 से पूर्वाह्न 11:45 बजे तक और इण्टरमीडिएट कम्पार्टमेन्ट परीक्षाएं इसी दिन द्वितीय पाली में अपराह्न 2 से 5:15 बजे तक तक होगी, बताया कि परीक्षा केन्द्र पर परीक्षार्थी केन्द्र व्यवस्थापक अध्यापकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के अतिरिक्त वाह्य व्यक्तियों का प्रवेश पूर्णतया वर्जित रहेगा, केन्द्र व्यवस्थापक ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करायेंगे जिससे परीक्षा केन्द्र के प्रवेश द्वार पर परीक्षार्थियों की अनावश्यक भीड एकत्रित न होने पाये ।
परीक्षा कक्ष के भीतर परीक्षार्थियों को मोबाइल, स्मार्ट वॉच अथवा किसी भी प्रकार के अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरण ले जाना पूर्णतया वर्जित रहेगा, परीक्षा के दौरान कक्षों में वाइस रिकार्डर युक्त सीसी टीवी कैमरे एवं राउटर आदि पूर्णतया क्रियाशील रहेंगे, परीक्षा केन्द्रों पर प्रश्नपत्रों के रख-रखाव की समग्र व्यवस्था मुख्य परीक्षा की भाँति निर्धारित स्ट्रांग रूम के डबल लाक युक्त आलमारी में ही की जायेंगी, स्ट्रांग रूम 24×7 क्रियाशील वाइस रिकार्डर युक्त सीसी टीवी कैमरे की निगरानी में रहेगा, प्रश्नपत्रों के पैकेटों को केन्द्र व्यवस्थापक, वाह्य केन्द्र व्यवस्थापक एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट के समक्ष सीसी टीवी कैमरे की निगरानी में ही खोले एवं वितरित किये जायेंगे ।







.jpeg)









