सम्भव दिवस में आई पेयजल की शिकायत, मौके पर पहुंचे नगर आयुक्त
सम्भव दिवस में आई पेयजल की शिकायत, मौके पर पहुंचे नगर आयुक्त
-नगर आयुक्त ने शिकायतें मिलने के बाद मौके पर पहुंच कराया समस्या का समाधान
मथुरा । नगर निगम के संभव दिवस में आई पेयजल आपूर्ति की शिकायत पर नगर आयुक्त ओजस्वी राज एक्शन मोड में नजर आए, वह शिकायत का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों की टीम के साथ स्वयं वार्ड संख्या-54 के प्रताप नगर पहुंचे और पेयजल व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया, इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय लोगों से बातचीत कर समस्या की जानकारी ली और जलकल विभाग के अधिकारियों को तत्काल समाधान की दिशा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
नगर निगम में आयोजित संभव दिवस के दौरान वार्ड संख्या-54 प्रताप नगर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की समस्या से संबंधित शिकायत सामने आई थी, नगर आयुक्त ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कार्यालय से निर्देश जारी करने के बजाय खुद मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति जानने का फैसला किया, नगर आयुक्त जलकल विभाग की पूरी टीम के साथ महोली रोड स्थित बजरंग चौराहा पहुंचे, यहां उन्होंने पेयजल आपूर्ति की स्थिति का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से पानी की समस्या के बारे में जानकारी हांसिल की ।
नगर आयुक्त ने क्षेत्रवासियों से बातचीत कर पेयजल आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं की विस्तृत जानकारी ली, क्षेत्रवासियों ने नगर आयुक्त को बताया कि वार्ड के कई हिस्सों में नियमित रूप से पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है, विशेष रूप से क्षेत्र के अंतिम छोर तक रहने वाले लोगों को पेयजल आपूर्ति में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, नगर आयुक्त ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से वर्तमान जलापूर्ति व्यवस्था की जानकारी ली, उन्होंने महाप्रबंधक जल को पूरे क्षेत्र का विस्तृत सर्वे कराने के निर्देश दिए, ताकि यह पता लगाया जा सके कि पानी की आपूर्ति किन कारणों से प्रभावित हो रही है ।
नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि सर्वे के दौरान जिन स्थानों पर जलापूर्ति मोटर की क्षमता कम पाई जाए, वहां आवश्यकता के अनुसार मोटर की क्षमता बढ़ाने की कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही जिन इलाकों में मौजूदा पाइपलाइन के माध्यम से पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है, वहां नई पाइप लाइन बिछाने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए, उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्ययोजना तैयार कर जल्द काम शुरू कराया जाए, जिससे वार्ड के अंतिम छोर तक पर्याप्त और निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराया जा सके, नगर आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि संभव दिवस में आने वाली शिकायतों को केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उनका धरातल पर समाधान दिखाई देना चाहिए, उन्होंने जनसमस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए समयबद्ध और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को चेतावनी दी कि नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी ।







.jpeg)







