यमुना में पसरी गंदगी पर पार्षद ने उठाए सवाल
यमुना में पसरी गंदगी पर पार्षद ने उठाए सवाल
-नालों की टेपिंग और एसटीपी संचालन पर जताई नाराजगी
मथुरा । यमुना में बढ़ती गंदगी व सफाई व्यवस्था के दावों के बीच कांग्रेस पार्षद संतोष पाठक ने नदी की दुर्दशा को लेकर आवाज उठाई है, उन्होंने फेसबुक पर वीडियो अपलोड कर यमुना में गिर रहे नालों, एसटीपी के सुचारू संचालन और सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, उनका आरोप है कि यमुना में गंदगी रोकने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं ।.jpg)
पार्षद संतोष पाठक का कहना है कि यमुना में गिरने वाले नालों की टेपिंग अब तक पूरी नहीं हो सकी है और एसटीपी भी सुचारू रूप से संचालित नहीं हो रहे हैं, वह लगातार इस मुद्दे को उठाते रहे हैं लेकिन इसकी वजह से उनके वार्ड में विकास कार्यों को लेकर भी अधिकारियों की ओर से टालमटोल की जा रही है, उन्होंने यमुना की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताते हुए व्यवस्था में सुधार की मांग की है, यमुना को मथुरा में मां के रूप में पूजा जाता है, विश्राम घाट पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना करते हैं ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नदी का पानी अब नहाने तक के योग्य नहीं रह गया है, नगर निगम की ओर से मशीनों से सफाई और लगातार अभियान चलाने के दावे किए जाते हैं लेकिन यमुना में पसरी गंदगी उन दावों पर सवाल खड़े कर रही है, स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से यमुना जल को स्वच्छ बनाने के कार्यों में तेजी लाने, एसटीपी का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने और नदी में गिर रहे नालों को पूरी तरह टेप करने की मांग की है ।















