महिला सशक्तिकरण संदेश के साथ निकाली स्कूटी रैली
महिला सशक्तिकरण संदेश के साथ निकाली स्कूटी रैली
-महिला पुलिस कर्मियों तथा पुलिस मॉडर्न स्कूल की शिक्षिकाओं ने किया प्रतिभाग
मथुरा । जनपद में मिशन शक्ति फेज 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने हेतु एक बाइक स्कूटी रैली का आयोजन किया गया, पुलिस लाइन से प्रारंभ होकर टैंक चौराहा, एसबीआई डीग गेट चौराहा होते हुए वापस पुलिस लाइन तक पहुंची इस रैली में 137 महिला पुलिस कर्मियों तथा पुलिस मॉडर्न स्कूल की शिक्षिकाओं द्वारा प्रतिभा किया गया, सभी प्रतिभागियों ने मिशन शक्ति के सशक्त स्लोगन्स वाली तख्तियों के साथ बाइक और स्कूटी पर सवार होकर जागरूकता फैलाई ।
रैली को अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं मिशन शक्ति नोडल अधिकारी सुरेश चंद्र रावत द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जो महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सुनिश्चित करने के लिए संचालित है। फेज 5.0 के द्वितीय चरण में जागरूकता के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं जिसमें रैलियां, सेमिनार और प्रशिक्षण शामिल हैं, महिला पुलिसकर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाती हैं और अपराधियों में भय पैदा करती हैं ।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने मिशन शक्ति से महिलाएं सुरक्षित, सम्मानित, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, महिलाओं का सम्मान, समाज का अभिमान जैसे स्लोगन्स बुलंद किए। मार्गस्थल पर नागरिकों ने रैली का स्वागत किया और उत्साहपूर्वक नारों का जवाब दिया। यह रैली न केवल महिलाओं में आत्मविश्वास जगाने वाली थी बल्कि जनमानस में मिशन शक्ति की भावना को भी मजबूत करने वाली साबित हुई। मिशन शक्ति के तहत जनपद मथुरा में अब तक अनेक सफल कार्यक्रम आयोजित हो चुके हैं, जिनमें पिंक बूथ, महिला हेल्प डेस्क और जागरूकता अभियान प्रमुख हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा श्लोक कुमार के मार्गदर्शन में मिशन शक्ति टीम निरंतर प्रयासरत है, रैली ने महिलाओं को सशक्त बनाने के संकल्प को और दृढ़ किया है।







.jpeg)









