अन्तर्राष्ट्रीय योग सप्ताह का सोमवार को मथुरा में हुआ शुभारंभ
अन्तर्राष्ट्रीय योग सप्ताह का सोमवार को मथुरा में हुआ शुभारंभ
-श्री कृष्ण जन्मभूमि परिसर में किया गया योग सप्ताह कार्यक्रम का आयोजन
मथुरा । योगिराज श्री कृष्ण जन्मभूमि परिसर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में योग सप्ताह का शुभारंभ गरिमामय दिव्य धार्मिक वातावरण के बीच सम्पन्न हुआ, कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक पूरन प्रकाश व जिला प्रशासन के वरिष्ठतम अधिकारियों की उपस्थिति में किया गया, इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, सिटी मजिस्ट्रेट, परियोजना निदेशक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला पंचायतीराज अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे, आयुष विभाग के क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ0 डिगम्बर सिंह द्वारा सभी अतिथियों को पटका पहनाकर स्वागत किया गया ।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वन्तरी के पूजन, दीप प्रज्ज्वलन एवं धन्वन्तरी वंदना के साथ हुआ, तत्पश्चात कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत सामूहिक योग सत्र आयोजित किया गया जिसमें बड़ी संख्या में जनपदवासियों एवं श्रद्धालुओं ने सहभागिता की, योग प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराते हुए उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी प्रदान की गई, साथ ही सामान्य योग सिद्धान्तों एवं योग के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया, योग सप्ताह के अंतर्गत जनपद के सभी विकास खंडों एवं तहसीलों, पार्क, अमृत सरोवरों, घाटों, जिला कारागार, किशोर संप्रेक्षण गृह, समाज कल्याण विभाग के छात्रावासों, दिव्यांग विद्यालयों, रमणरेती सहित विभिन्न प्रमुख स्थलों पर योग कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया ।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर विधायक पूरन प्रकाश ने जनसमुदाय को नियमित योगाभ्यास अपनाने के लिए प्रेरित किया और आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया, उन्होंने योग को जन-जन के स्वास्थ्य एवं आरोग्यता का प्रभावी माध्यम बताते हुए जनपद के प्रत्येक क्षेत्र में योग शिविरों के संचालन पर बल दिया, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ0 डिगम्बर सिंह ने कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु डीएम चन्द्र प्रकाश सिंह एवं सीडीओ श्रीमती पूजा गुप्ता के मार्गदर्शन एवं परियोजना निदेशक के सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए जिला कार्यक्रम प्रबंधक अखिलेश कुमार विश्वकर्मा एवं समस्त योग प्रशिक्षक तथा चिकित्सक व कर्मचारियों के सराहनीय योगदान हेतु आभार व्यक्त किया ।







.jpeg)









