गुरु पूर्णिमा से पहले संत प्रेमानंद से आशीर्वाद लेने पहुंचे विराट व अनुष्का
गुरु पूर्णिमा से पहले संत प्रेमानंद से आशीर्वाद लेने पहुंचे विराट व अनुष्का
वृंदावन (मथुरा) । गुरु पूर्णिमा महोत्सव से ठीक पहले भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली और उनकी पत्नी, अभिनेत्री अनुष्का शर्मा बुधवार सुबह अचानक वृंदावन पहुंचे, दोनों ने यमुना पार स्थित ‘यमुना कुंज आश्रम’ में एकांतवास कर रहे पूज्य संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया, गुरु पूर्णिमा पर अपने दीक्षित शिष्यों को दर्शन देने के लिए संत प्रेमानंद के आश्रम में तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और देश-विदेश से शिष्यों के आने का सिलसिला जारी है ।
इसी क्रम में संत प्रेमानंद के दीक्षित शिष्य विराट कोहली और अनुष्का शर्मा बुधवार सुबह करीब 7 बजे बेलवन स्थित आश्रम पहुंचे, बारिश के कारण आश्रम की ओर जाने वाले रास्ते में भारी कीचड़ हो गई थी, भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगे विराट कोहली ने अपने जूते-चप्पल उतारे और पत्नी अनुष्का शर्मा का हाथ थामकर नंगे पैर ही कीचड़ भरे मार्ग से होते हुए गंतव्य तक पहुंचे, आश्रम आगमन पर संत के शिष्यों ने दोनों का पारंपरिक एवं भव्य स्वागत किया, विराट और अनुष्का ने आश्रम में करीब एक घंटे का समय बिताया ।
इस दौरान उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज के सम्मुख बैठकर आध्यात्मिक चर्चा की और आशीर्वाद लिया, जब दोनों आश्रम से बाहर निकले तो विराट के माथे पर त्रिपुंड, चंदन का टीका और हाथों में आश्रम का प्रसाद नजर आया, इस पूरे दौरे को बेहद गोपनीय रखा गया था, संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने के बाद विराट और अनुष्का वृंदावन के बाराहघाट स्थित आश्रम पहुंचे, वहां उन्होंने संत प्रेमानंद के गुरु गौरांगी शरण महाराज के दर्शन किए और उनकी भी पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया, माना जा रहा है कि गुरु पूर्णिमा पर होने वाली अत्यधिक भीड़ से बचने के लिए दोनों ने समय से पूर्व ही वृंदावन आकर अपने गुरुदेव का पूजन और दर्शन संपन्न किया ।







.jpeg)









