खंडेरा गांव में जलभराव की समस्या का होगा स्थायी समाधान
खंडेरा गांव में जलभराव की समस्या का होगा स्थायी समाधान
मथुरा । विकास खंड बलदेव के गांव खंडेरा में पिछले करीब दो वर्षों से मुख्य मार्ग पर जलभराव और कीचड़ की गंभीर समस्या की गूंज शासन के कानों तक पहुंच गई, खंड विकास अधिकारी बलदेव नेहा रावत ने टीम के साथ गांव पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और मौके पर ही समस्या के समाधान की रूपरेखा तैयार कर दी, मंगलवार से पुलिस बल की मौजूदगी में निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा ।
(112).jpg)
ग्रामीणों ने बताया कि खंडेरा का मुख्य मार्ग बलदेव क्षेत्र के करीब एक दर्जन गांवों के लोग इसी मार्ग से शव यात्राएं यमुना किनारे स्थित श्मशान घाट तक ले जाते हैं, पिछले दो साल से सड़क पर लगातार पानी भरा रहने और कीचड़ होने के कारण लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया था, शव यात्रा के दौरान तो परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है, कई बार फिसलन के कारण हादसे की स्थिति भी बनी, इस समस्या को लेकर कई बार जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी बलदेव, तहसील प्रशासन को लिखित और मौखिक रूप से प्रार्थना पत्र दिए गए लेकिन लंबे समय तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई ।
सोमवार को खंड विकास अधिकारी बलदेव नेहा रावत अपनी टीम के साथ गांव खंडेरा पहुंचीं, उन्होंने गांव के मुख्य मार्ग, पोखर और जल निकासी के सभी बिंदुओं का बारीकी से निरीक्षण किया, मौके पर मौजूद ग्रामीणों से बातचीत कर समस्या की जड़ को समझा, करीब दो घंटे तक चले निरीक्षण और ग्रामीणों के साथ चर्चा के बाद प्रशासन ने समस्या के समाधान के लिए एक ठोस कार्ययोजना तैयार की, खंड विकास अधिकारी ने बताया कि जलभराव का मुख्य कारण पोखर का भर जाना, जल निकासी की उचित व्यवस्था न होना और सड़क किनारे अतिक्रमण है, इसके समाधान के लिए गांव की पोखर की जेसीबी से खुदाई कर गहरा किया जाएगा, ताकि पानी का भराव हो सके ।
उन्होंने बताया कि पोखर से पानी की निकासी के लिए अंडरग्राउंड पाइप लाइन डाली जाएगी, मुख्य सड़क पर पानी न रुके इसके लिए पक्की नाली का निर्माण कराया जाएगा, सड़क के दोनों किनारों से मंगलवार से पुलिस टीम के साथ अतिक्रमण को हटवाया जाएगा, उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह कार्य जनहित का है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या विवाद बर्दाश्त नहीं की जायेगी, मंगलवार से पुलिस फोर्स के साथ निर्माण कार्य शुरू होगा, यदि कोई भी व्यक्ति कार्य में बाधा डालता है या विवाद करता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, इस दौरान नायब तहसीलदार प्रद्युम्न त्रिपाठी, पंचायत सचिव विपिन कटारा और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे ।







.jpeg)









