सीएम ने बरसाना में गोलोकवासी संत रमेश बाबा को दी श्रद्धांजलि
सीएम ने बरसाना में गोलोकवासी संत रमेश बाबा को दी श्रद्धांजलि
-रमेश बाबा ने अपना पूरा जीवन ब्रज व गौ सेवा को समर्पित किया-योगी
बरसाना (मथुरा) । भारत की सनातन संस्कृति ऋषि प्रधान संस्कृति है व कृषि प्रधान संस्कृति है, ऋषि परंपरा व कृषि परम्परा के मध्य अगर कोई सेतु का काम करता है तो वो हमारी गौ माता है, यह बात मंगलवार को पद्मश्री संत रमेश बाबा को श्रद्धांजलि अर्पित करने बरसाना पहुंचे प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माताजी गौशाला में आयोजित श्रद्धांजलि सभा के दौरान कही, इस दौरान माताजी गौशाला में स्थित संत रमेश बाबा की समाधि स्थल पर उन्हें पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी जिसके बाद गौ पूजन किया, वहीं सीएम योगी ने माताजी गौशाला में संचालित डायलासिस सेंटर का उद्घाटन किया ।.jpg)
फरह के परखम में स्थित पं0 दीनदयाल उपाध्याय गो अनुसंधान केंद्र में चल रहे दो दिवसीय भाजपा की बैठक के दौरान सीएम योगी वहां पहुंचे थे, मंगलवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे सीएम योगी आदित्यनाथ बरसाना के समीपवर्ती माताजी गौशाला पहुंचे, जहां वह पद्मश्री गोलोकवासी संत रमेश बाबा को श्रद्धांजलि देने उनके समाधि स्थल पर पहुंचे और संत रमेश बाबा की समाधि पर पुष्प अर्पित किए, वहां सीएम योगी आदित्यनाथ ने माताजी गौशाला में स्थित श्यामलक्ष्मी अस्पताल में निःशुल्क डायलिसिस सेंटर का उद्घाटन किया ।
श्रद्धांजलि सभा में बोलते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले दिनों मुझे पूज्य महाराज जी का भौतिक देह से मुक्त होने का समाचार मिला लेकिन मैंने दो बार यहां आने का प्रोग्राम बनाया, किन्हीं कारणों से नहीं आ पाया, अन्तःकरण में यह भाव था कि जिस संत ने अपना पूरा जीवन गौ सेवा, गौ रक्षा, गौ संरक्षण, गौ संवर्धन के लिए समर्पित करके भारत के विरासत के प्रति, भारत के संस्कृति के प्रति, भारत के सनातन के प्रति, गौ रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित करके इस क्षेत्र को कृष्णमय राधामय बनाके, हम सबको एक विरासत सौंपी है, उनकी स्मृतियों को नमन करने व विनम्र श्रद्धांजलि देने मुझे जाना है ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूज्य रमेश बाबा ने अपना पूरा जीवन ब्रज व गौ सेवा को समर्पित किया है, उनके द्वारा खड़ी की गई विरासत को आगे सहयोग के लिए मैं सदा तैयार हूं, इस मौके पर प्रदेश के गन्ना विकास व चीनी मिल मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण, योगी बाबा बालकनाथ, मौनी बाबा, पंडित बाबा, रमेश बाबा के उत्तराधिकारी ब्रजशरण दास महाराज, मान मंदिर के कार्यकारी अध्यक्ष राधाकांत शास्त्री, सचिव सुनील सिंह, कैबिनेट मंत्री प्रतिनिधि नरदेव चौधरी आदि मौजूद थे ।















