श्रीश्री राधा वृन्दावनचंद्र की शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
श्रीश्री राधा वृन्दावनचंद्र की शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
-छप्पन भोग, पालकी उत्सव एवं हरिनाम संकीर्तन के साथ सम्पन्न हुआ तीन दिवसीय कार्तिक
वृंदावन (मथुरा) । चंद्रोदय मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय भव्य कार्तिक उत्सव के अंतिम दिन भगवान श्रीश्री राधा वृन्दावनचंद्र की दिव्य शोभायात्रा का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, उल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में किया गया, इस अवसर पर आगरा मंडल के अपर पुलिस महानिदेशक भगत जी एवं मथुरा-वृंदावन के विधायक श्रीकांत शर्मा ने भगवान श्रीश्री राधा वृन्दावनचंद्र का विशेष पूजन-अर्चन एवं सोहनी सेवा कर उत्सव के समापन समारोह का शुभारंभ किया ।
विधिवत आरती एवं पूजा-अर्चना के पश्चात ठाकुर जी को चंदन की लकड़ी से निर्मित भव्य एवं कलात्मक दिव्य रथ पर विराजमान कराया गया, इसके पश्चात श्रद्धालुओं द्वारा भगवान के दिव्य रथ को खींचकर संपूर्ण मंदिर प्रांगण की परिक्रमा कराई गई, ठाकुर जी के रथारूढ़ होते ही मंदिर परिसर हरिनाम संकीर्तन एवं जयकारों से गुंजायमान हो उठा, शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा, पुष्पवर्षा, भक्ति संगीत और महामंत्र संकीर्तन के बीच निकली इस दिव्य शोभायात्रा ने संपूर्ण वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया ।.jpg)
उत्सव के अंतर्गत भगवान श्रीश्री राधा वृन्दावनचंद्र को मंदिर के गर्भगृह से विधिवत पालकी में विराजमान कर नीचे लाया गया, इस दौरान भक्तों ने हरिनाम संकीर्तन एवं जयकारों के साथ अपने आराध्य का अभिनंदन किया, ठाकुर जी को विशेष एवं आकर्षक पोशाक धारण कराई गई तथा विविध प्रकार के सुगंधित एवं रंग-बिरंगे पुष्पों से मनोहारी श्रृंगार किया गया, मंदिर परिसर में भव्य फूल बंगले का आयोजन किया गया जिसकी अनुपम पुष्प सज्जा ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया, इस पावन अवसर पर भगवान श्रीश्री राधा वृन्दावनचंद्र को विधिवत छप्पन भोग अर्पित किए गए, श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से श्री दामोदराष्टकम का भावपूर्ण गान किया तथा अपने आराध्य के श्रीचरणों में दीप प्रज्वलित कर श्रद्धापूर्वक दीपदान किया, दीपों की स्वर्णिम आभा, पुष्पों की अलौकिक सज्जा एवं हरिनाम संकीर्तन की मधुर स्वर लहरियों ने संपूर्ण मंदिर परिसर को दिव्य आध्यात्मिक वातावरण प्रदान किया ।
कार्तिक उत्सव के अवसर पर वृंदावन चंद्रोदय मंदिर की भव्य सजावट भी विशेष आकर्षण का केंद्र रही, संपूर्ण मंदिर परिसर को दिव्य दुधिया विद्युत रोशनी से आलोकित एवं अलंकृत किया गया जिससे मंदिर की स्थापत्य भव्यता और भी निखर उठी, परिसर के विभिन्न स्थानों पर आकर्षक एवं कलात्मक रंगोलियों का निर्माण किया गया, रंग-बिरंगी रंगोलियों, मनोहारी पुष्प सज्जा और जगमगाती रोशनी के अद्भुत समन्वय ने मंदिर परिसर को उत्सवमय एवं अलौकिक स्वरूप प्रदान किया, तीन दिवसीय कार्तिक उत्सव भगवान श्रीश्री राधा वृन्दावनचंद्र के दिव्य दर्शन, विशेष पूजन-अर्चन, सोहनी सेवा, भव्य श्रृंगार, फूल बंगला, छप्पन भोग, दीपदान एवं दिव्य शोभायात्रा के साथ अत्यंत हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ ।















