विद्युत पोल से टकराई स्कूल बस, चालक ने खोया नियंत्रण
विद्युत पोल से टकराई स्कूल बस, चालक ने खोया नियंत्रण
-सरस्वती शिशु मंदिर की बस में बैठे बच्चों में मची अफरा-तफरी
-ब्रज यातायात एवं पर्यावरण समिति ने चलाया रेस्क्यू, एक छात्र घायल, उठे सवाल
मथुरा । पिछले दिनों हुए स्कूल बस हादसे के बावजूद भी जिला प्रशासन द्वारा पर्याप्त सख्ती नही किए जाने का मामला सामने आया है, गुरुवार को सरस्वती शिशु मंदिर की एक स्कूल बस छुट्टी के बाद बच्चों को रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में छोड़ने जा रही थी, इसी दौरान रास्ते में बस चालक मोबाइल पर बात कर रहा था जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और बस सीधे विद्युत पोल से जा टकराई ।
गनीमत रही कि टक्कर के बावजूद विद्युत पोल नहीं टूटा अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था क्योंकि पोल में बिजली का करंट प्रवाहित हो रहा था, हादसे के बाद बस में बैठे बच्चों में अफरा-तफरी मच गई, इस घटना में एक बच्चे को मामूली चोट आई जबकि अन्य सभी बच्चे सुरक्षित बताए गए हैं, बाद में दूसरे वाहन की व्यवस्था कर बच्चों को उनके घर भेजा गया, घटना की जानकारी मिलते ही ब्रज यातायात एवं पर्यावरण जन जागरूकता समिति के संस्थापक अध्यक्ष विनोद दीक्षित ने मामले को गंभीरता से लिया और जिला प्रशासन के उच्च अधिकारियों से बातचीत की ।
उन्होंने कहा कि मथुरा में लगातार स्कूल बसों से जुड़े हादसे सामने आ रहे हैं ऐसे में जिला प्रशासन को ठोस कार्रवाई करनी चाहिए, उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो पूरे मामले की रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी, साथ ही उन्होंने मांग की है कि घटना के लिए जिम्मेदार बस चालक का ड्राइविंग लाइसेंस तत्काल निरस्त किया जाए, समिति ने यह भी मांग उठाई कि जिलाधिकारी को सड़क सुरक्षा की समीक्षा बैठक बुलाकर स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था और नियमों के पालन को सुनिश्चित करना चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके ।







.jpeg)









