बाजार में अब बिक रहीं फैक्ट्रीनुमा कारखाने में तैयार मिठाई
बाजार में अब बिक रहीं फैक्ट्रीनुमा कारखाने में तैयार मिठाई
-एक जगह तैयार हो रही मिठाई को ही बेच रहे हैं सैकडों दुकानदार
मथुरा । मिठाई की दुकान चलाने के लिए अब हलवाई की जरूरत नहीं है, अभी तक ब्रज में अधिकाशंतः मिठाई की दुकानों को चालाने के लिए हलवाई से लेकर दूसरे तमाम तामझाम जोडने पडते थे, दुकानदार शुद्धता की गारंटी देता था, मिलावट नहीं यह भी दावा करता था, अब हर शहर और कस्बे में फैक्ट्रीनुमा मिठाई बनाने के कारखाने खुल गये हैं, एक जगह भारी मात्रा में मिठाई बनती है और सैकडों दुकानदार अपना टेग लगाकर मिठाई को बेच रहे हैं, मथुरा में एक ऐसे ही कारखाने का भंडाफोड खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने किया है।

धीरेन्द्र प्रताप सिंह सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय के निर्देशन व ज्ञानपाल सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में जनमानस एवं श्रृद्धालुओं को स्वच्छ व गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेन्द्र सिंह द्वारा अभिसूचना के आधार के पर डा0 बीसी गोयल हॉस्पीटल के पीछे, निकट बिरला मंदिर, जयसिंहपुरा में दिनेश गर्ग पुत्र ओमप्रकाश गर्ग निवासी रामानुज नगर, गुरूकुल के पीछे, राजपुर बांगर, वृन्दावन द्वारा अवैध रूप से संचालित मिठाई निर्माणशाला पर छापामार कार्यवाही की गयी ।
मौके पर कार्यवाही के दौरान डोडा बर्फी का निर्माण अस्वास्थकर दशाओं में होते हुए पाये जाने पर डोडा बर्फी का एक नमूना तथा अंगूरी आटा का एक नमूना संग्रहित कर मिठाई निर्माणशाला में भंडारित लगभग 97 किलोग्राम डोडा बर्फी, 17 टीन रिफाइंड सोयाबीन ऑयल, 750 किलोग्राम चीनी, 500 किलोग्राम सूजी व 200 किलोग्राम अंगूरी आटा (दलिया) सीज किया गया जिसका अनुमानित मूल्य लगभग 1,27,000 रूपये है, छटीकरा स्थित अग्रवाल स्वीट जिसके संचालक अमर चंद पुत्र प्रभुदयाल के खाद्य प्रतिष्ठान पर कार्यवाही कर पेड़ा का एक नमूना संग्रहित किया गया तथा लगभग 12 किलोग्राम दूषित पेड़ा अनुमानित मूल्य 3600 रूपये नष्ट कराया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरूण कुमार द्वारा गांव हरनौल स्थित रामू डेयरी से पनीर का एक नमूना संग्रहित किया गया, संग्रहित चार खाद्य नमूनें जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला प्रेषित किये जा रहे हैं, जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरान्त अग्रेतर विधिक कार्यवाही की जायेगी ।







.jpeg)









