खाद्य विभाग ने श्री बांकेबिहारी मंदिर के आसपास चलाया अभियान
खाद्य विभाग ने श्री बांकेबिहारी मंदिर के आसपास चलाया अभियान
-मथुरा के पेडा में मिलावट खोरी की शिकायतों के बाद हरकत में आया विभाग, लिए दो नमूने
मथुरा । प्रसिद्ध मथुरा जी के पेडा की गुणवत्ता से हो रहे खिलवाड को गंभीरता से लेते हुए और आम जनमानस एवं आने वाले श्रृद्धालुओं को स्वच्छता व गुणवत्तायुक्त खाद्य व पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय धीरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्ञानपाल सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेंद्र सिंह, दलवीर सिंह द्वारा श्री बांके बिहारी मंदिर के पास गेट नंबर 1 व 2 वाली गली में स्थित पेड़ा की दुकानों पर छापामार कार्यवाही की गई ।

खाद्य विभाग की टीम ने बांके बिहारी मंदिर के आसपास स्थित दुकानों का निरीक्षण किया, बिना वैध खाद्य पंजीकरण के कारोबार करने वाले कारोबारकर्ताओ का मौके पर ही चालान किया गया, सभी खाद्य कारोबारकर्ताओ को बिना रेट लिस्ट मिठाई, पेड़ा विक्रय नही करने, पेड़ा क्रय संबंधी बिल, इनवॉइस का रिकॉर्ड रखने, गुणवत्तायुक्त मिठाई, पेड़ा का विक्रय करने तथा पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड, स्वास्थ्य प्रमाण पत्र का रिकॉर्ड रखने हेतु निर्देशित किया गया ।

चेतावनी दी गई कि जिन खाद्य कारोबारकर्ता द्वारा निर्देशों का पालन नहीं किया जाएगा उनके विरूद्ध सुसंगत धाराओं में वाद पंजीकृत कराया जाएगा, इसके अतिरिक्त श्रीबांके बिहारी मंदिर गेट नंबर एक के सामने स्थित मुरली मनोहर मिष्ठान भंडार और लाला भइया पेड़े वाले के खाद्य प्रतिष्ठान से अधोमानक होने के संदेह पर पेड़ा के दो नमूनें लिए गए, कार्यवाही का पता चलते ही अन्य दुकानदारों में हड़कंप मच गया और अधिकतर दुकानदार अपनी दुकान के शटर बंद करके चले गए, इस दौरान संग्रहित कुल दो खाद्य नमूनें जांच हेतु राजकीय खाद्य प्रयोगशाला प्रेषित किये जा रहे हैं, जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरान्त अग्रेतर विधिक कार्यवाही की जायेगी ।







.jpeg)









