थाना राया क्षेत्र में आधी रात गूंजी गोलियों की तड़तड़ाहट, सहमे लोग
थाना राया क्षेत्र में आधी रात गूंजी गोलियों की तड़तड़ाहट, सहमे लोग
-पुलिस ने दर्ज किया है 7 नामजद और 3 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा
मथुरा । थाना राया क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम खजूरी और मदैम के पास मंगलवार तड़के दो गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई खूनी संघर्ष में बदलते-बदलते बच गई, मिट्टी खनन के कारोबार को लेकर चल रहे पुराने तनाव के कारण स्कार्पियो और स्विफ्ट सवार बदमाशों ने एक-दूसरे पर सरेराह अंधाधुंध फायरिंग की, गनीमत रही कि गोलीबारी में कोई हताहत नहीं हुआ लेकिन गोलियां घरों की दीवारों और खंभों में लगने से ग्रामीणों में भारी दहशत फैल गई ।
पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक घटना मंगलवार के तड़के करीब 12:50 बजे की है, पुलिस को सूचना मिली कि खजूरी रोड पर स्कार्पियो सवार दो पक्ष एक-दूसरे पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर रहे हैं, जब तक पुलिस मौके पर पहुँची, आरोपी मदैम गांव की ओर फायरिंग करते हुए भाग निकले, स्थानीय लोगों ने बताया कि शोर और गोलियों की आवाज इतनी भीषण थी कि डरकर लोगों ने अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए, पुलिस ने सुबह घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जिसमें संदिग्ध गाड़ियां और आरोपी नजर आए, पहचान के आधार पर पुलिस ने 7 नामजद और 3 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, मुख्य आरोपियों में चिराग, प्रशांत, उमेश उर्फ उमे पहलवान, हरीश उर्फ हरिया, अजय, मनोज चौधरी और विराट उर्फ मनीष शामिल हैं ।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्ष दबंग और आपराधिक प्रवृत्ति के हैं, इनके बीच काफी समय से मिट्टी खनन को लेकर तनाव चल रहा था, इसी रंजिश के चलते मंगलवार को दोनों गुट आमने-सामने आ गए, तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को घटनास्थल से 12 बोर के दो खोखा कारतूस और 315 बोर के चार खोखा कारतूस बरामद हुए हैं, पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है, थाना राया पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की धाराओं 191(2), 190, 352, 351(3) और 7 आपराधिक कानून (संशोधन) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है, मामले की विवेचना उप निरीक्षक उज्ज्वल शर्मा को सौंपी गई है ।







.jpeg)









