तड़पता रहा स्कूली छात्र, बस छोड़कर भागा ड्राइवर

तड़पता रहा स्कूली छात्र, बस छोड़कर भागा ड्राइवर
-राल के स्कूल में बस बैक करते समय पहिए के नीचे आया मासूम
   चौमुहां (मथुरा) । थाना जैंत क्षेत्र के ग्राम राल स्थित तिलक सिंह इंटर कॉलेज में गुरुवार सुबह हुए दर्दनाक हादसे में स्कूल प्रबंधन व शिक्षकों की बेहद शर्मनाक व अमानवीय संवेदनहीनता सामने आई है, स्कूल बस को बैक करते समय पहिए के नीचे आए 6 वर्षीय मासूम नितिन को तड़पता छोड़ बस चालक और स्कूल के शिक्षक अपनी जिम्मेदारी से भाग खड़े हुए, यदि समय पर इलाज मिल जाता तो शायद मासूम की जान बच सकती थी, आक्रोशित ग्रामीणों ने करीब ढाई घंटे तक राल-राधाकुंड मार्ग पर शव रखकर जाम लगाया जिसे आला अधिकारियों के आश्वासन के बाद खुलवाया जा सका ।


  घटना गुरुवार सुबह करीब आठ बजे की है, स्कूल बस चालक ने सभी बच्चों को बस से उतार दिया था और उसके बाद वह लापरवाही से गाड़ी को बैक करने लगा, इसी दौरान कक्षा दो का छात्र नितिन बस के पिछले पहिए के नीचे आ गया, हादसे के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया, मृतक बच्चे के परिजनों और साथ पढ़ने वाले बच्चों ने बताया कि जब स्कूल के अन्य शिक्षकों को इस हादसे की जानकारी हुई तो वे नितिन की मदद करने या उसे अस्पताल ले जाने के बजाय मौके से ही गायब हो गए ।
 करीब आधे घंटे तक मासूम नितिन घटनास्थल पर ही लाचार हालत में पड़ा रहा, साथ पढ़ने वाले बच्चों के मुताबिक, काफी देर तक नितिन के शरीर में हरकत होती रही थी और वह तड़प रहा था, आखिरकार शिक्षकों के भाग जाने पर सहमे हुए बच्चों ने ही एक राहगीर से फोन मांगकर गांव में सूचना दी, तब जाकर परिजन मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक मासूम की सांसें थम चुकी थीं, मासूम की मौत और स्कूल स्टाफ की इस संवेदनहीनता की खबर गांव में आग की तरह फैल गई जिसके बाद भारी संख्या में गुस्साए ग्रामीण और परिजन मौके पर जमा हो गए ।


   ग्रामीणों ने स्कूल परिसर में आक्रोश व्यक्त करते हुए राल-राधाकुंड रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया, सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष जैंत सोनू कुमार और वृंदावन कोतवाल अश्वनी कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जाम खुलवाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे, बाद में मौके पर पहुंचे तहसीलदार सदर अमित त्रिपाठी और सीओ सदर वरुण मिश्रा द्वारा दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने के लिखित व ठोस आश्वासन के बाद सुबह करीब 10:30 बजे जाम खोला जा सका, पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है ।
   घटना की संवेदनशीलता और ग्रामीणों के बढ़ते उग्र प्रदर्शन को देखते हुए जैंत थाना व राल चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच, पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने और शांत कराने का काफी प्रयास किया लेकिन ग्रामीणों का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा था, माहौल को हाथ से निकलता देख पुलिस ने तुरंत आलाधिकारियों को सूचित कर मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल आरएएफ व अन्य थानों की फोर्स को बुला लिया, कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और विधिक कार्रवाई का भरोसा देते हुए छात्र नितिन के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया ।
   फिलहाल एहतियात के तौर पर कॉलेज परिसर और गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है, क्षेत्राधिकारी सदर वरुण मिश्रा ने बताया कि मृतक छात्र तिलक सिंह इंटर कॉलेज में कक्षा दो का विद्यार्थी था, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसकी मौत स्कूल बस से हुए हादसे में हुई है, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों से तहरीर प्राप्त की जा रही है, तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी, पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके ।

Letest News










Advertisement
Advertisement
About Loktantra

भारत दुनियाभर का एक मात्र ऐसा लोकतांत्रिक देश है जो जनसंख्या एवं क्षेत्रफल के आधार पर एक अहम स्थान रखता है हमारे देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था भी बेमिसाल है यहां ग्राम ,मोहल्ला स्तर से लेकर जनपद, प्रदेश व देश स्तर पर लोकतांत्रिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित है। राज्य व केंद्रीय शासन द्वारा देश के प्रत्येक जनता की समस्याओं का ध्यान रखते हुए प्रशासनिक व्यवस्थाएं क्रियान्वित की जाती हैं |लोकतंत्र का आगाज उसी लोकतंत्रिक व्यवस्था की कड़ी के रूप में प्रत्येक नागरिक की आवाज का आगाज करते हुए समाचार प्रसारित कर शासन प्रशासन तक समस्याओं को प्रदर्शित कर व शासन-प्रशासन की योजनाओं को आम जन तक पहुंचाने में सजग है।

Total Users: 2002497
Get In Touch

Office : faujadar market, opp. Patiram mandir, sonkh road, krishna nagar, mathura-281004

7417674275

[email protected]

Copyright ©2026 InzealInfotech. All rights reserved.