ओमैक्स कम्पनी के निर्माणाधीन मॉल की शटरिंग गिरने से तीन मजदूरों की मौत
वृंदावन में ओमैक्स कम्पनी के निर्माणाधीन मॉल की शटरिंग गिरने से तीन मजदूरों की मौत
-देश की नामीगिरामी ओमैक्स कम्पनी द्वारा निर्माणाधीन शॉपिंग मॉल में शुक्रवार को हुआ भयावह हादसा
-एक मजदूर की हालत गंभीर, उपचार के लिए आगरा किया रेफर, निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों पर भी सवाल
-मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण से है मानचित्र स्वीकृत, विप्रा कर्मियों पर भी उठे सवाल
-निर्माणाधीन शॉपिंग मॉल में सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरतने का भी है आरोप
वृंदावन । रुकमणि विहार स्थित ओमैक्स के निर्माणाधीन मॉल में शुक्रवार की सुबह बड़ा हादसा हो गया, शटरिंग गिरने से चार मजदूर दब गये जिनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो ने अस्पताल ले जाते वक्त दम तोड़ दिया, घटना में एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हुआ है जिसको आगरा रेफर किया गया है, हादसे की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई और बचाव कार्य शुरू किया, पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की ।
.jpg)
देश की नामचीन रियल एस्टेट दिल्ली की कम्पनी ओमेक्स द्वारा रुकमणि विहार गोल चक्कर के पास मॉल का निर्माण कराया जा रहा है, सुबह करीब सात बजे मजदूर शटरिंग के काम में लगे हुए थे, उसी समय शटरिंग टूट कर गिर गई, उसके नीचे काम कर रहे चार मजदूर सिमरी, नेपाल निवासी 40 वर्षीय शिवराम, वेस्ट बंगाल निवासी 30 वर्षीय आलम, 21 वर्षीय रसूल और 38 वर्षीय दिलदार दब गए, मौके पर काम कर रहे अन्य मजदूर और स्टाफ ने बचाव कार्य शुरू किया, चारों को मलबे के नीचे से निकाला गया जिसमें शिवराम की मौके पर मौत हो गई जबकि रसूल और आलम को सौ शैय्या अस्पताल ले गए जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया ।
(2).jpg)
हादसे में गंभीर रूप से घायल एक अन्य मजदूर, पश्चिम बंगाल निवासी 45 वर्षीय दिलदार को स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहद नाजुक हालत में आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया है, डीएम ने कहा कि शटरिंग में कहीं कमी आई है जिसके चलते हादसा हुआ है जिसमें तीन की मौत हुई है और एक घायल है, कारण क्या रहे, इसकी जाँच कराई जाएगी, उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन मॉल का विकास प्राधिकरण से नक्शा पास है, मुख्यमंत्री ने घटना का संज्ञान लेकर बेहतर उपचार और सहायता के निर्देश दिये हैं, एसएसपी ने कहा कि परिवारजनों से संपर्क किया जा रहा है, उनसे जो भी तहरीर प्राप्त होगी, उसके आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ।
हादसे के बाद निर्माण स्थल पर काम पूरी तरह रोक दिया गया, अचानक हुए हादसे से वहां मौजूद मजदूरों और कर्मचारियों में दहशत फैल गई, हादसे की खबर आसपास पहुंचते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुटने लगे, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और राहत कार्य में जुटे लोगों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया, घटना स्थल पर मौजूद लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों को पूरी तरह ताक पर रख दिया गया था, कार्यस्थल पर मजदूरों की सुरक्षा के लिए कोई पुख्ता इंतजाम या सेफ्टी गियर उपलब्ध नहीं थे जिसके कारण यह भीषण हादसा हुआ, राहत कार्य पूरा होने के बाद अब घटना के कारणों की जांच की जा रही है कि निर्माण कार्य में किस स्तर पर लापरवाही बरती गई ।
वहीं दूसरी ओर ओमैक्स कम्पनी द्वारा निर्माणाधीन शॉपिंग मॉल के मानचित्र को स्वीकृति प्रदान करने वाले मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण के क्षेत्रीय सहायक अभियंता और अवर अभियंता की कार्यशैली पर भी सवालिया निशान लगना लाजिमी है, चूंकि विकास प्राधिकरण के क्षेत्रीय अभियंताओं को उनके क्षेत्र में चल रहे आवासीय और व्यवसायिक निर्माणों पर लगातार निगरानी रखने के साथ ही भवन निर्माण में प्रयुक्त होने वाली निर्माण सामग्री व निर्माण कार्य की गुणवत्ता आदि की मोनिटरिंग करते हुए निर्माणाधीन और निर्मित किसी भी श्रेणी यानी प्रत्येक आवासीय व व्यवसायिक सहित अन्य प्रयोजनार्थ भवनों में सुरक्षा मानकों आदि का स्थलीय व भौतिक निरीक्षण व परीक्षण किये जाने के साथ ही ऐसे निर्माण कार्य में किसी भी तरह के मानकों व दिशा निर्देशों के उल्लंघन करने पड़ नियमानुसार कार्यवाही किया जाना विप्रा अधिकारियों की अपनी जिम्मेदारियों में शामिल है, वहीं विकास प्राधिकरण के क्षेत्रीय अवर अभियंता और सहायक अभियंता के तैनाती क्षेत्र में किसी भी तरह के हादसे होने की स्थिति में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप में उन्हीं की जिम्मेदारी मानी जाती है ।







.jpeg)











