तीर्थ यात्रियों की सेवा में समर्पित ‘सेवा सदन’ का किया लोकार्पण
तीर्थ यात्रियों की सेवा में समर्पित ‘सेवा सदन’ का किया लोकार्पण
बलदेव (मथुरा) । ब्रजभूमि के पावन तीर्थ श्री दाऊजी महाराज मंदिर, बलदेव स्थित भागवत भवन के द्वितीय तल पर श्रद्धा, सेवा और समर्पण की अनूठी मिसाल पेश करते हुए ‘सेवा सदन’ का भव्य लोकार्पण किया गया। यह सेवा सदन स्वर्गीय प्रेमवती पांडेय एवं स्वर्गीय केशव देव पांडेय की पुण्य स्मृति में निर्मित कराया गया है। इसके माध्यम से दूर-दराज से आने वाले तीर्थ यात्रियों को ठहरने की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
सेवा सदन के अंतर्गत आठ सुसज्जित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक कमरों का निर्माण कराया गया है, जिन्हें विधिवत रूप से मंदिर प्रबंध समिति को तीर्थ यात्रियों की सेवा हेतु समर्पित कर दिया गया। इस पुण्य कार्य को श्रीमती मालती शर्मा तथा जीडीएक्स ग्रुप के प्रबंध निदेशक एवं आप इंटरनेशनल ग्रुप के चेयरमैन महेश शर्मा, अनुराग शर्मा एवं हर्षवर्धन शर्मा के सहयोग से पूर्ण कराया गया। लोकार्पण अवसर पर परिसर में श्रद्धा और उत्साह का वातावरण रहा।
कार्यक्रम में जीडीएक्स ग्रुप के प्रबंध निदेशक महेश शर्मा ने कहा कि तीर्थ स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं को यदि उचित आवास, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाएं मिलें, तो उनकी यात्रा अधिक सहज, सुरक्षित और सुखद बनती है। उन्होंने कहा कि सेवा सदन का निर्माण केवल एक भवन नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का प्रतीक है, बलभद्र पीठाधीश्वर आचार्य विष्णु महाराज ने कहा कि धर्मस्थलों पर सेवा कार्य करना सबसे बड़ा पुण्य है, कहा कि तीर्थ यात्रियों की सुविधा के लिए किया गया यह प्रयास समाज के अन्य लोगों को भी प्रेरणा देगा।
लोकार्पण समारोह में उपस्थित संतों, विद्वानों, मंदिर पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं ने सेवा सदन के निर्माण को मानव सेवा और धर्म के प्रति समर्पण का जीवंत उदाहरण बताया। सभी ने कहा कि स्वर्गीय प्रेमवती पांडेय एवं स्वर्गीय केशव देव पांडेय की स्मृति में किया गया यह कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। कार्यक्रम के अंत में मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया, समिति पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि सेवा सदन के संचालन से मंदिर आने वाले तीर्थ यात्रियों को ठहरने में बड़ी राहत मिलेगी और ब्रज की सेवा परंपरा को नई ऊर्जा प्राप्त होगी ।







.jpeg)









