मथुरा वृंदावन महानगर के संसाधनों पर बढ रहा बेजा दबाव
मथुरा वृंदावन महानगर के संसाधनों पर बढ रहा बेजा दबाव
-यातायात से लेकर भीड़ प्रबंधन को लेकर जूझ रहे हैं नगर निगम और जिला प्रशासन
मथुरा । महानगर के संसाधनों पर वर्ष दर वर्ष दबाव बढ रहा है, जनपद भर में यही स्थिति है, ब्रजभूमि दुनियाभर के लोगों को आकर्षित कर रही है, लाखों में लोग यहां आकर बस रहे हैं, करोडों की संख्या में प्रतिवर्ष लोग ब्रज धरा पर आ रहे हैं, 27 लाख की आबादी वाले जनपद में प्रतिवर्ष करीब 10 करोड़ श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं, वर्ष 2023 में जहां प्रतिदिन 180 से 190 टन कूड़ा उठाया जाता था, वहीं अब यह बढ़कर 500 टन से अधिक हो गया है ।
वर्ष 2017 में मुख्यमंत्री के मथुरा आगमन के समय शहर की स्वच्छता रैंकिंग 512वीं थी, लगातार प्रयासों से वर्ष 2019 में यह 129वें स्थान पर पहुंची और मथुरा को देश में सबसे तेज सुधार करने वाले शहर के रूप में सम्मानित किया गया, इसके बाद शहर ने 60वीं, 55वीं और 35वीं रैंक हासिल की तथा वर्तमान श्रेणीगत व्यवस्था में 11वां स्थान प्राप्त किया है, शहर के संसाधनों पर लगातार दबाव बढ रहा है, इसका खामियाजा स्थानीय लोगों को भी भुगतना पड रहा है, विकास के तमाम प्रयास अभी तक मथुरा को सुकून नहीं दे सके हैं ।
फॉलोअप कार्यशाला में उद्यमियों, व्यापारियों और स्वयंसेवकों ने स्वच्छ ब्रज के लिए अपने सुझाव दिए, नेशनल चौंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष राजीव ब्रजवासी ने कहा कि स्वच्छता संकल्प को व्यवहार में उतारना जरूरी है, उन्होंने औद्योगिक क्षेत्रों में कूड़ा फैलाने और जलाने वालों पर कार्रवाई की मांग की, राजेश बजाज ने जल निकासी, सफाई व्यवस्था और नालों पर अतिक्रमण का मुद्दा उठाते हुए टेक्सटाइल उद्योगों से कपड़े के थैले उपलब्ध कराने का सुझाव दिया, उद्यमी पवन चतुर्वेदी ने जनसहभागिता बढ़ाने और यमुना संरक्षण पर जोर दिया, राजेंद्र हाथी वालों ने नालों की नियमित सफाई, बाजारों में दिन में दो बार सफाई तथा अतिक्रमण हटाने की मांग की, विनीत गोयल ने डेयरियों और सब्जी मंडियों से फैल रही गंदगी का मुद्दा उठाया ।
सीनियर सिटीजन एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक गोयल ने शहर को सुंदर और व्यवस्थित बनाने की योजना रखी, साथ ही उन्होंने थेले भी भेंट किए, विपिन सिंघल ने कुछ क्षेत्रों को मॉडल स्वच्छता क्षेत्र बनाने तथा छत्ता बाजार में कचरा प्रबंधन और मुफ्त पॉलीथीन वितरण पर सख्ती की आवश्यकता बताई, राजेश मित्तल ने पूरे ब्रज क्षेत्र को अभियान से जोड़ने का सुझाव दिया, नगर निगम के उपनेता मुकेश सारस्वत ने साधु-संतों और भागवत वक्ताओं को अभियान से जोड़कर श्रद्धालुओं को स्वच्छता का संकल्प दिलाने की बात कही, कार्यशाला में रवि यादव, अजय कुमार अग्रवाल, गोपाल सक्सेना, महेंद्र राजपूत सहित अन्य प्रतिभागियों ने भी अपने सुझाव दिए ।







.jpeg)









