तहसील दिवस : डीएम, एसएसपी ने गोवर्धन में सुनीं फरियादियों की शिकायतें
तहसील दिवस : डीएम, एसएसपी ने गोवर्धन में सुनीं फरियादियों की शिकायतें
-जनपद की पांच तहसील में 209 शिकायत में से 23 शिकायतों का किया गया मौके पर निस्तारण
मथुरा । डीएम चंद्र प्रकाश सिंह व एसएसपी श्लोक कुमार ने तहसील गोवर्धन के सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर फरियादियों की शिकायतों को सुना, सम्पूर्ण समाधान दिवस में जन सामान्य की शिकायतों को एक-एक कर सुनते हुए जिलाधिकारी ने शिकायत से सम्बंधित विभागीय अधिकारी को मौके पर बुलाकर तत्काल निस्तारित करने अथवा भूमि विवाद, अन्य किसी विवाद की स्थिति में शिकायतकर्ता सहित सभी पक्षों की उपस्थिति में मौके का स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण के निर्देश दिए ।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि प्रातः 10 से 12 बजे तक अपने कार्यालय में उपस्थित रहकर जन समस्याएं सुने, उक्त कार्य में लापरवाही नहीं होनी चाहिए, गोवर्धन तहसील समाधान दिवस के मौके पर डीएम ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य जनसमस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान करना है, उन्होंने प्रार्थना पत्रों के नियमानुसार त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया, उन्होंने कहा कि जनता की समस्या का समाधान करना हम सबके लिए सर्वाेपरि है ।
एसडीएम गोवर्धन सुशील कुमार सिंह ने बताया है कि गोवर्धन तहसील में 45 शिकायतें प्राप्त हुई जिसमें से 5 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया है, एसडीएम महावन प्राजक्ता त्रिपाठी ने अवगत कराया है कि सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान तहसील महावन में 41 शिकायतें प्राप्त हुई जिसमें से 2 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया, एसडीएम सदर मोहित कुमार ने अवगत कराया है कि सदर तहसील में 34 शिकायतें प्राप्त हुई है जिसमें से 5 शिकायतों का निस्तारण किया गया, एसडीएम छाता अखिलेश कुमार ने बताया कि छाता तहसील में 42 शिकायतें प्राप्त हुई जिसमें से 4 का मौके पर निस्तारण हुआ, एसडीएम मांट चंद्रभूषण प्रताप ने बताया है कि सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर 47 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें से 7 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया ।







.jpeg)









