चंद्र सरोवर पर स्वयंसेवकों ने चलाया स्वच्छता अभियान
चंद्र सरोवर पर स्वयंसेवकों ने चलाया स्वच्छता अभियान
-स्वयंसेवकों ने दिया ‘स्वच्छ ब्रज’ का संदेश, श्रद्धालुओं व लोगों को किया जागरूक
मथुरा । ब्रज की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक विरासत को स्वच्छ, सुंदर और संरक्षित रखने के उद्देश्य से संचालित ‘ब्रज वैभव अभियान’ के अंतर्गत रविवार को सूर कुटीर चंद्र सरोवर, परासौली में स्वच्छता सेवा अभियान चलाया गया, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, जिला प्रशासन, नगर निगम एवं हार्टफुलनेस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान में विभिन्न क्षेत्रों से आए स्वयंसेवकों ने श्रमदान कर स्वच्छ ब्रज का संदेश दिया । .png)
‘हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है’ महाभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम की प्रेरणा हार्टफुलनेस के मार्गदर्शक पद्म भूषण कमलेश डी0 पटेल के उस दृष्टिकोण से जुड़ी है जिसमें आंतरिक परिवर्तन के साथ समाज और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी को भी महत्वपूर्ण माना गया है, ‘ब्रज वैभव अभियान’ के माध्यम से स्वच्छता, सेवा, जागरूकता और जनसहभागिता को जनआंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है ।
अभियान की शुरुआत सुबह आठ बजे सामूहिक ध्यान से हुई, इसके बाद सुबह 8ः30 बजे से स्वयंसेवकों ने चंद्र सरोवर एवं आसपास के क्षेत्रों में श्रमदान कर कचरा एकत्र किया और परिसर की सफाई की, इस दौरान श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों को सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक करते हुए अपील की गई कि धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को स्वच्छ रखना केवल प्रशासन ही नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक, दुकानदार, श्रद्धालु और तीर्थयात्री की सामूहिक जिम्मेदारी है, अभियान में मथुरा के साथ ही आगरा, दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, इगलास (अलीगढ़), देहरादून सहित आसपास के क्षेत्रों से आए हार्टफुलनेस के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और ब्रजभूमि की सेवा में योगदान दिया ।



















