प्लाट के विवाद में सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
प्लाट के विवाद में सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
-एसपी सिटी ने गठित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें
मथुरा । थाना हाईवे क्षेत्र में जमीन पर निर्माण कार्य को लेकर हुए विवाद में पुलिस ने सख्त कार्यवाही की है, एक पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने नामजद मुकदमा पंजीकृत किया है, फरार चल रहे लोगों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है, पुलिस के मुताबिक नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी ।.png)
प्लॉट पर काम करा रहे दीपक गौतम ने कुछ लोगों पर कार्य में बाधा डालने और विवाद करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी थी, एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि प्लॉट पर कार्य कराया जा रहा था, इसी दौरान कुछ लोगों ने वहां पहुंचकर काम में व्यवधान उत्पन्न किया, प्रारंभिक जांच में मामला चकरोड और जमीन के कब्जे को लेकर विवाद से जुड़ा सामने आया है, घटना के संबंध में दीपक गौतम की ओर से पुलिस को सूचना और तहरीर दी गई थी ।
एसपी सिटी के अनुसार तहरीर के आधार पर सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, मामले में हत्या के प्रयास की धारा 307 भी लगाई गई है, पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की है, पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपियों की तलाश कर रही हैं, उन्होंने बताया कि जमीन से जुड़े विवाद को देखते हुए पुलिस ने मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती है, क्षेत्र में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है ताकि दोनों पक्षों के बीच दोबारा विवाद की स्थिति न बने, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के साथ जमीन संबंधी विवाद के तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है ।













