यूजीसी कानून : संगठनों ने प्रदर्शन व पैदल मार्च निकाल किया समर्थन
यूजीसी कानून : संगठनों ने प्रदर्शन व पैदल मार्च निकाल किया समर्थन
-फुले संघ, समता फाउंडेशन, महात्मा ज्योतिबा फुले विकास समिति, भीम आर्मी तथा राष्ट्रीय समान शिक्षा मिशन ने किया संयुक्त आयोजन
मथुरा । शैक्षणिक संस्थानों में समानता, सामाजिक न्याय और जातिगत भेदभाव-मुक्त वातावरण सुनिश्चित करने की मांग को लेकर मंगलवार को यूजीसी कानून के समर्थन में एकजुट बहुजन संगठनों द्वारा धरना-प्रदर्शन एवं पैदल मार्च का आयोजन किया गया ।

राष्ट्रीय फुले संघ, समता फाउंडेशन, महात्मा ज्योतिबा फुले विकास समिति, भीम आर्मी तथा राष्ट्रीय समान शिक्षा मिशन के तत्वावधान में प्रदर्शनकारियों ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) द्वारा लागू किए गए यूजीसी कानून को उच्च शिक्षा में संवैधानिक समानता, सामाजिक न्याय और भेदभाव-रोकथाम की दिशा में आवश्यक कदम बताया, वक्ताओं ने कहा कि यह कानून विशेष रूप से एससी एसटी,ओबीसी, अल्पसंख्यक एवं वंचित वर्गों के विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा करता है ।
उल्लेखनीय है कि इस कानून पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा आगामी निर्णय तक रोक लगा दी गई है, प्रदर्शन के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासनिक अधिकारी मनमोहन तिवारी को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि कानून को स्पष्ट कर सख्ती से लागू किया जाए, उच्च शिक्षण संस्थानों में इसके पालन हेतु ठोस दिशा-निर्देश जारी हों, एससी, एसटी, ओबीसी एवं वंचित वर्गों के लिए निगरानी व शिकायत निवारण तंत्र को मजबूत किया जाए तथा कानून के विरुद्ध फैलाए जा रहे भ्रम और दुष्प्रचार पर प्रभावी रोक लगे ।
राष्ट्रीय फुले संघ की राष्ट्रीय अध्यक्ष अंजली सैनी एडवोकेट ने यूजीसी कानून के समर्थन में इसे लागू करने का आग्रह किया, समाजसेवी रमेश सैनी एवं लुकेश कुमार राही ने बताया कि भाजपा सरकार में सभी वर्गों के संवैधानिक अधिकार खतरे में है कोई भी सुरक्षित नहीं है, सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि यूजीसी कानून को कमजोर करना संविधान की भावना के विरुद्ध होगा और बहुजन समाज के शैक्षणिक अधिकारों पर आघात करेगा, उन्होंने सरकार और संबंधित संस्थानों से सामाजिक न्याय की रक्षा हेतु कानून के साथ मजबूती से खड़े रहने की अपील की, इस दौरान कम्यूनिष्ट नेता क़ा0 गफ्फार अब्बास, भीम आर्मी के मंडल अध्यक्ष हेमेंद्र कुमार, जिला अध्यक्ष आरके फाइटर, पार्षद लक्ष्मण सैनी, प्रेम सिंह विमल, अभिमन्यु सैनी (पूर्व प्रधान), वीरेंद्र कुशवाह, दुल्हराम सैनी, राधा चौधरी , राखी गौतम, ओमपाल सैनी, जितेंद्र सिंह, शालू सिंह, संतोष सैनी सहित सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।







.jpeg)













