झुग्गी झोपड़ी के बच्चों को मुख्यधारा में लाना ही सच्ची राष्ट्र सेवा-डॉ0 देवेंद्र शर्मा
झुग्गी झोपड़ी के बच्चों को मुख्यधारा में लाना ही सच्ची राष्ट्र सेवा-डॉ0 देवेंद्र शर्मा
मथुरा । जिन मासूमो को पारिवारिक आर्थिक मजबूरी एवं जागरूकता के अभाव ने अशिक्षा के अंधेरे में धकेल दिया, आज उन हाथों में कलम और कला देखकर मन भावुक है, झुग्गी झोपड़ियों के इन बच्चों को संस्कारित कर समाज की मुख्यधारा में जोड़ना ही ईश्वर की सबसे बड़ी आराधना और वास्तविक राष्ट्र सेवा है, यह विचार उत्तर प्रदेश राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष डॉ0 देवेंद्र शर्मा एवं बीएसए इंजीनियरिंग कॉलेज के चेयरमैन उमाशंकर अग्रवाल ने व्यक्त किए ।
इंटरनेशनल स्ट्रीट चिल्ड्रन डे के अवसर पर बीएसए इंजीनियरिंग कॉलेज के सभागार में जस्टिस फॉर चिल्ड्रन स्ट्रीट स्कूल के 18वें स्थापना दिवस एवं इंटरनेशनल स्ट्रीट चिल्ड्रन डे के अवसर पर दोनों अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया, अतिथियों ने सतीश चंद्र शर्मा द्वारा पिछले 18 वर्षों से खुले आसमान के नीचे संचालित किए जा रहे शिक्षा के इस महायज्ञ की मुक्तकंठ से सराहना की, उन्होंने कहा कि अभावों के बीच जी रहे सैकड़ों परिवारों के बच्चों को निरंतर शिक्षा संस्कार और नैतिक मूल्यों एवं समाज की मुख्यधारा से जोड़ना एक मिसाल है ।
अतिथियों ने मंच से संकल्प लिया कि इन बच्चों के भविष्य की राह में आने वाली हर बाधा को दूर करने के लिए वे व्यक्तिगत सामाजिक एवं प्रशासनिक स्तर पर हर संभव मदद करेंगे, साथ ही समाज से आह्वान किया कि यदि हम एक-एक बच्चे की जिम्मेदारी उठा लें, तो कोई भी बचपन मजदूरी की भेंट नहीं चढ़ेगा और शिक्षा से वंचित नहीं रहेगा, कार्यक्रम का जीवंत संचालन पुंडरीकक्ष पाठक ने किया, अंत में संस्था संचालक सतीश चंद्र शर्मा ने सभी अतिथियों का आभार जताते हुए कहा, हमारा संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक हर वंचित बच्चे के हाथ में कूड़े के थैले की जगह किताब नहीं आ जाती।







.jpeg)









