सरकारी भवनों में क्रियाशील होंगे रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम
सरकारी भवनों में क्रियाशील होंगे रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम
-सीडीओ ने जनपद के समस्त विभागाध्यक्षों को जारी किया निर्देश
मथुरा । मुख्य विकास अधिकारी डॉ0 पूजा गुप्ता ने जनपद के समस्त विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया है कि उनके विभाग के अधीन स्थित सभी शासकीय एवं अर्धशासकीय भवनों पर स्थापित रूफ टॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम एवं अन्य वर्षा जल संचयन संरचनाओं को वर्षा ऋतु प्रारम्भ होने से पूर्व पूर्ण रूप से क्रियाशील कराया जाना सुनिश्चित करें ।
सीडीओ ने कहा है कि वर्षा जल संरक्षण एवं भूजल संवर्धन जल संकट के समाधान हेतु अत्यंत महत्वपूर्ण है, वर्षा ऋतु में प्राप्त होने वाले जल का अधिकतम संरक्षण एवं भूजल पुनर्भरण सुनिश्चित करने के लिए सभी विभाग अपने अधीन स्थापित वर्षा जल संचयन प्रणालियों का तत्काल निरीक्षण कराते हुए उनकी साफ-सफाई, मरम्मत एवं आवश्यक अनुरक्षण कार्य पूर्ण कराएं, उन्होंने निर्देशित किया कि रूफ टॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम के समस्त घटक, जैसे छत से जल संग्रहण पाइप, फिल्टर यूनिट, रिचार्ज पिट, रिचार्ज शाफ्ट, स्टोरेज टैंक आदि सुचारु रूप से कार्यरत रहें, जिससे वर्षा जल का अधिकतम संचयन किया जा सके ।
मुख्य विकास अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे वर्षा जल संरक्षण को जन आंदोलन का रूप देने में अपना सहयोग प्रदान करें तथा अपने स्तर पर वर्षा जल संचयन की व्यवस्थाओं को अपनाएं, उन्होंने कहा कि वर्षा जल का संरक्षण प्रत्येक नागरिक का दायित्व है तथा जनसहयोग से ही भूजल स्तर में सुधार लाया जा सकता है, सीडीओ ने जल है तो कल है, की भावना के साथ सभी नागरिकों से वर्षा जल संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया ।







.jpeg)









