पशुओं को किया जाएगा खुरपका, मुंहपका से पूर्णतः सुरक्षित
पशुओं को किया जाएगा खुरपका, मुंहपका से पूर्णतः सुरक्षित
-टीकाकरण अभियान के तहत सीडीओ ने हरी झंडी दिखाकर एम्बुलेंस को किया रवाना
मथुरा । मुख्य विकास अधिकारी डॉ0 पूजा गुप्ता की अध्यक्षता में बुधवार से जनपद में शुरू होने जा रहे खुरपका मुंहपका टीकाकरण अभियान को सुचारू रूप से सफल बनाने हेतु जनपद के समस्त उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, पशु चिकित्सा अधिकारियों एंव पशुधन प्रसार अधिकारियों की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आहूत की गयी, बैठक में अभियान से सम्बन्धित विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गयी ।
मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ0 एन0के0 शुक्ला द्वारा अवगत कराया गया कि जिले में पशुओं को खुरपका-मुंहपका (एफएमडी-आठवां चरण) रोग से बचाने के लिये पशुपालन विभाग ने विस्तृत कार्य योजना बनाकर राष्ट्रीय रोग नियन्त्रण कार्यक्रम के अन्तर्गत 4 सितम्बर तक विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जायेगा, इस दौरान जनपद के 5 लाख 45 हजार 550 पशुओं में निःशुल्क टीकाकरण किया जायेगा, मुख्य विकास अधिकारी डॉ0 पूजा गुप्ता ने बैठक में उपस्थित सभी टीमों को निर्देशित किया कि अभियान को सफल बनाने के लिये जिले के सभी 10 विकास खण्डों में स्थित उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, पशु चिकित्साधिकारी मानकों के अनुरूप टीकाकरण कराना सुनिश्चित करें एंव भारत पशुधन ऐप पर पशुपालकों का रजिस्ट्रेशन कर पशुओं में टैगिग करें एवं टीकाकरण अपलोड करना सुनिश्चित करें ।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने अवगत कराया कि उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी के निर्देशन में टीमों का गठन किया गया हैं, जो पशुपालकों के द्वार पर जाकर टीकाकरण का कार्य करेंगी, इस अभियान में शत प्रतिशत पात्र पशुओं का टीकाकरण सुनिश्चित किया जाएगा एंव 4 माह से कम आयु के बच्चों तथा 8 माह से अधिक गर्भित पशुओं को छोड़कर सभी पात्र पशुओं में टीकाकरण किया जायेगा, बैठक के उपरान्त मुख्य विकास अधिकारी द्वारा जनपद की समस्त टीकाकरण टीमों को हरी झण्डी दिखाकर अभियान का शुभारम्भ किया गया ।







.jpeg)









