डालमियां बाग प्रकरण ने एक बार फिर से बटोरी सुर्खियां
डालमियां बाग प्रकरण ने एक बार फिर से बटोरी सुर्खियां
-मथुरा वृंदावन में आयकर विभाग ने की छापेमारी, शंकर सेठ के प्रतिष्ठानों पर भी कार्यवाही
-आयकर विभाग ने गुरुकृपा बिल्डर सहित रेडिसन होटल और कई व्यापारियों के ठिकानों पर किया सर्वे
मथुरा । समूचे उत्तर प्रदेश में बहुचर्चित रहे डालमियां बाग प्रकरण से जुडे लोग एक बार सुर्खियों में आ गए हैं, इस बार इस प्रकरण से जुड़े लोगों के प्रतिष्ठानों पर आयकर विभाग की कार्यवाही के चलते चहुंओर चर्चायें चल रही हैं, मथुरा और वृंदावन में शुक्रवार सुबह आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया, विभाग की कई टीमों ने सुबह 5 बजे ही एक साथ कई ठिकानों पर दस्तक दे दी जिससे इस प्रकरण से जुड़े व्यापारियों और बिल्डरों में हड़कंप मच गया ।
आयकर विभाग की टीमों ने वृंदावन के प्रसिद्ध रेडिसन होटल, गुरुकृपा बिल्डर के ठिकानों सहित मथुरा वृंदावन के कई अन्य व्यापारियों के यहां सर्वे की कार्रवाई की, सुबह 5 बजे से शुरू हुई यह कार्रवाई दोपहर बाद तक जारी रही और अभी भी कई जगहों पर सर्वे चलने की जानकारी मिल रही है, सूत्रों के मुताबिक आयकर विभाग की टीमों द्वारा विभिन्न ठिकानों पर आय-व्यय, बैंक खाते, जमीन-फ्लैट की खरीद-बिक्री, होटल बुकिंग और निर्माण कार्यों से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है, कंप्यूटर, लैपटॉप और फाइलों को खंगाला जा रहा है ।
टीमों ने एक साथ कई जगहों पर छापा मारकर किसी को भी बाहर निकलने या दस्तावेज हटाने का मौका नहीं दिया, सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल भी साथ रहा, सुबह-सुबह हुई आयकर विभाग की इस कार्रवाई से व्यापारिक जगत में खलबली मच गई, बाजारों में दिनभर इसी छापे की चर्चा होती रही, लोग कयास लगा रहे हैं कि यह कार्रवाई कर चोरी और बेहिसाब संपत्ति की शिकायतों के बाद की गई है, आयकर विभाग की ओर से अभी आधिकारिक रूप से यह नहीं बताया गया है कि सर्वे में कितनी बेहिसाब संपत्ति या दस्तावेज मिले हैं, सर्वे पूरा होने के बाद ही विभाग की ओर से जानकारी दिए जाने की उम्मीद है। 
सूत्रों की माने तो आयकर विभाग कि कार्रवाई की आंच सिर्फ यही तक सीमित नहीं है, चर्चा है कि डालमिया बाग पेड़ कटान प्रकरण से जुड़े कुछ अन्य लोगों और प्रॉपर्टी कारोबारियों के ठिकानों पर भी आयकर विभाग की टीमों ने दस्तक दी है, हालांकि इस सर्वे में विभाग को क्या हाथ लगा है और कार्रवाई के पीछे की असल वजह क्या है, इस पर अधिकारियों ने पूरी तरह चुप्पी साथ रखी है, वहीं विभाग की ओर से अधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है लेकिन शहर के व्यापारिक गलियारों में इस छापेमारी को लेकर तरह-तरह के कयास लगते रहे ।(73)(11).jpg)
आयकर विभाग की छापामार कार्रवाई के बाद एक बार फिर रीयल एस्टेट कारोबारी शंकर सेठ का पुराना और विवादित इतिहास चर्चाओं के केंद्र में आ गया है, मथुरा वृंदावन के होटल और रियल एस्टेट कारोबार में बड़ा दखल रखने वाले शंकर सेठ का नाम पहले भी कई गंभीर विवादों से जुड़ता रहा है, सबसे ज्यादा सुर्खियां वृंदावन के चर्चित डालमिया बाग में हरे पेड़ों के अवैध कटान के मामले ने बटोरी थी, पर्यावरण नियमों को ताक पर रखकर रातों रात सैकड़ो पेड़ों को काटने के इस प्रकरण में न केवल प्रदेश स्तर पर हलचल मचाई थी, बल्कि प्रशासन और एनजीटी ने भी इस पर शख्त रुख अपनाया था, इस मामले में भारी जुर्माने और कानूनी कार्रवाई की गाज गिरी थी ।















