
दीपोत्सव पर मंदिरों के आसपास रहेगी चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था
दीपोत्सव पर मंदिरों के आसपास रहेगी चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था
-डीएम, एसएसपी ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि और आसपास के क्षेत्र का किया निरीक्षण
मथुरा। दीपोत्सव पर्व को जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना स्तर पर पीसी कमेटी की बैठक बुलाई जा रही हैं जिससे आपसी सौहार्द और मेल मिलाप के माहौल में दीपावली का पर्व मनाया जा सके। भीड भाड वाले धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा बढा दी गई है। पर्व के मद्देनजर श्रीकृष्ण जन्मभूमि की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, चेतावनी दी गई है कि किसी भी अप्रिय घटना या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ।
प्रशासन का लक्ष्य है कि दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज जैसे पर्व शांतिपूर्ण और श्रद्धापूर्ण माहौल में संपन्न हों, देर रात डीएम चंद्र प्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने जन्मभूमि परिसर पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया, निरीक्षण के दौरान, दोनों अधिकारियों ने ड्यूटी पॉइंट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों से जानकारी ली और उन्हें सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि त्योहारों के समय ब्रज में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती है, इसलिए सुरक्षा में कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम और एसएसपी ने अधीनस्थ अधिकारियों से सुरक्षा तैयारियों का विस्तृत ब्यौरा लिया और मौके पर ही आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए।
इस दौरान उन्होंने श्रीकृष्ण जन्मभूमि सेवा समिति के सचिव कपिल शर्मा से भी मुलाकात कर मंदिर परिसर के सुरक्षा प्रबंधन से संबंधित जानकारी ली, अधिकारियों ने बताया कि ब्रज आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, पुलिस और प्रशासन मिलकर सुरक्षा उपायों को मजबूत कर रहे हैं। मंदिरों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है, साथ ही सीसीटीवी कैमरों और डॉग स्क्वायड से निगरानी बढ़ाई गई है।