श्रावण मास में विशेष गाड़ियां एकत्र कर रहीं पूजन सामग्री
श्रावण मास में विशेष गाड़ियां एकत्र कर रहीं पूजन सामग्री
-सावन में शिवालयों से एकत्र फूल पत्तियों से बनाई जायेगी जैविक खाद
मथुरा । मथुरा-वृंदावन नगर निगम ने सावन माह के दौरान मंदिरों से निकलने वाली पूजन सामग्री के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया है, इस अभियान के तहत प्रत्येक सोमवार को 48 विशेष वाहन शहर के प्रमुख शिवालयों और मंदिरों से फूल, पत्तियां, बेलपत्र तथा अन्य जैविक पूजन सामग्री एकत्र कर रहे हैं, यह जानकारी नेचर ग्रीन कंपनी के प्रबंधक अभिलाष सांगवान ने दी है ।
उन्होंने बताया कि नियमित रूटिंग के अतिरिक्त सावन के हर सोमवार को इन विशेष वाहनों का संचालन किया जा रहा है, प्रत्येक वाहन पर एक चालक और एक हेल्पर तैनात हैं, जो निर्धारित समय पर सामग्री संग्रह कर उसे कंपोस्ट प्लांट तक पहुंचाते हैं, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य धार्मिक स्थलों के आसपास स्वच्छता बनाए रखना और एकत्रित जैविक सामग्री का उचित प्रबंधन करना है, कंपोस्ट प्लांट में लाई गई फूल-पत्तियों और अन्य जैविक पूजन सामग्री को वैज्ञानिक प्रक्रिया से संसाधित किया जाता है।
इस प्रक्रिया से जैविक खाद (कंपोस्ट) तैयार की जाती है। इस खाद का उपयोग पौधरोपण, उद्यानों के रखरखाव और हरित विकास संबंधी कार्यों में किया जाएगा, यह पहल एक ओर जैविक कचरे का प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित करती है, वहीं दूसरी ओर पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा देती है, नगर निगम की इस व्यवस्था से मंदिर परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने में मदद मिल रही है, श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित पूजन सामग्री का सम्मानजनक और पर्यावरण-अनुकूल उपयोग सुनिश्चित हो रहा है, स्थानीय श्रद्धालु भी इस पहल की सराहना कर रहे हैं और इसे स्वच्छ एवं हरित मथुरा-वृंदावन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मान रहे हैं ।







.jpeg)







