मॉक ड्रिल : बाढ में किसी भी अनहोनी से निपटने को हुआ अभ्यास
मॉक ड्रिल : बाढ में किसी भी अनहोनी से निपटने को हुआ अभ्यास
मथुरा । बाढ़ आपदा से निपटने के लिए वृहद स्तर पर मेगा मॉक ड्रिल की गई, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा संभावित बाढ़ आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जनपद की दो तहसीलों में चिन्हित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर मेगा बाढ़ मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया, मॉक ड्रिल का शुभारंभ प्रातः 9 बजे हुआ तथा विभिन्न आपदा परिदृश्यों का अभ्यास करते हुए इसका समापन सायं 5 बजे किया गया।
मॉक ड्रिल के अंतर्गत तहसील छाता के ग्राम मझोई (देवी माता मंदिर के समीप) तथा तहसील मांट के ग्राम डंगोई खादर नगला बैसला (यमुना नदी तट क्षेत्र) में बाढ़ संबंधी विभिन्न आपदा परिदृश्यों का प्रदर्शन किया गया, तहसील छाता में बाढ़ के कारण व्यक्ति के डूबने की घटना, बाढ़ के दौरान नाव पलटने की घटना, प्रभावित व्यक्तियों के सुरक्षित रेस्क्यू एवं उन्हें त्वरित चिकित्सा एवं उपचारात्मक सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने का सफल अभ्यास किया गया, तहसील मांट में बाढ़ के कारण मुख्य मार्ग के अवरुद्ध हो जाने की स्थिति, राहत शिविर की स्थापना एवं संचालन, प्रभावित व्यक्तियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, राहत सामग्री वितरण तथा विभिन्न विभागों के मध्य समन्वित कार्यवाही का प्रदर्शन किया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान तहसील छाता में एसडीएम द्वारा नोडल अधिकारी के रूप में तथा श्री वैभव (इंसिडेंट कमांडर) द्वारा संपूर्ण गतिविधियों का नेतृत्व किया गया, इसी प्रकार तहसील मांट में सुश्री दीपिका (इंसिडेंट कमांडर) के नेतृत्व में मॉक ड्रिल का संचालन किया गया, इस दौरान जनपद की विभिन्न आपदा प्रतिक्रिया एजेंसियों एवं विभागों द्वारा सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की गई। मॉक ड्रिल में पुलिस विभाग, पीएसी, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम एवं एम्बुलेंस सेवाएं, नागरिक सुरक्षा संगठन के आपदा मित्र, राजस्व विभाग, ग्राम स्तरीय आपदा प्रबंधन समितियां तथा अन्य संबंधित विभागों एवं एजेंसियों ने सहभागिता करते हुए आपसी समन्वय एवं त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का प्रदर्शन किया।
मॉक ड्रिल का उद्देश्य बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों एवं आपदा प्रतिक्रिया बलों की तैयारियों का परीक्षण करना, आपसी समन्वय को सुदृढ़ बनाना तथा जनसामान्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही का अभ्यास करना था, मॉक ड्रिल का संचालन जिला प्रशासन एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की सतत तैयारियों एवं विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट समन्वय का परिचायक रहा, सभी प्रतिभागी विभागों एवं टीमों द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्यवाही करते हुए अभ्यास को सफलतापूर्वक संपन्न किया गया ।







.jpeg)









