हड़ताली कर्मचारियों की मांगों पर विचार करेगी समिति
हड़ताली कर्मचारियों की मांगों पर विचार करेगी समिति
-नगर आयुक्त ने गठित की समिति, 25 तक समिति सौंपेगी रिपोर्ट
मथुरा । डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण वाहनों पर तैनात कर्मचारी विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं में समान मानदेय एवं माह में 30 से 31 दिनों का मानदेय दिए जाने की मांग को लेकर रविवार सुबह से कार्य बहिष्कार कर हड़ताल पर चले गये थे, कर्मचारियों का कहना है कि नगर निगम में कार्यरत विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं द्वारा अकुशल, अर्धकुशल, कुशल एवं महाकुशल श्रेणी के कर्मचारियों को समान मानदेय नहीं मिल रहा है जिसके कारण उनमें असंतोष है, कर्मचारियों के अनुसार एक ही श्रेणी में कार्य करने वाले कर्मचारियों के मानदेय में कार्यदायी संस्था के अनुसार अंतर है, इसी मांग को लेकर कर्मचारियों द्वारा कार्य बहिष्कार किया गया । (183).jpg)
मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ओजस्वी राज द्वारा सफाई कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की गई जिसमें अपर नगर आयुक्त सुनीता सिंह, सहायक श्रम आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त, लेखाधिकारी, मुख्य नगर लेखा परीक्षक, नगर स्वास्थ्य अधिकारी सहित कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे, बैठक में नगर आयुक्त ने कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए आठ सदस्यीय समिति का गठन किया है, समिति की अध्यक्षता अपर नगर आयुक्त सुनीता सिंह करेंगी तथा इसमें दो कर्मचारी प्रतिनिधियों को भी शामिल किया गया है ।
नगर आयुक्त ने समिति को निर्देश दिए हैं कि कर्मचारी हित एवं नगर निगम के हित को ध्यान में रखते हुए नियमों के अनुरूप सभी आवश्यक पहलुओं का परीक्षण कर 25 सितम्बर तक अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि प्रकरण पर शीघ्र निर्णय लिया जा सके, बैठक में उत्तर प्रदेश सफाई मजदूर एकता मंच के उत्तम चंद सजना, महानगर अध्यक्ष प्रीतम सिंह, विक्की वाल्मीकि प्रदेश उपाध्यक्ष सफाई कर्मचारी संघ, बंटी छोटेलाल कर्मचारी संघ उपाध्यक्ष, राजवीर ड्राइवर यूनियन, जितेंद्र, अजय चौधरी, हरि गोपाल ठाकुर, दिलीप ठाकुर, विक्रांत चौबे, संजय चौहान एवं बच्चू सिंह सहित अन्य कर्मचारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे ।







.jpeg)









